Edited By Kamini,Updated: 06 Feb, 2026 11:49 AM

विदेश भेजने और सैटल करने के नाम पर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
लुधियाना (राज): विदेश भेजने और सैटल करने के नाम पर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है जहां एक महिला ने अपने ही पति और ससुराल परिवार के साथ लाखों की धोखाधड़ी और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। थाना डाबा की पुलिस ने हरप्रीत सिंह की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी नवनीत कौर, तेजा सिंह नागरा, हरपाल कौर, काका सिंह, फैलेल सिंह, अमर सिंह, सुखदेव सिंह और सुखदेव सिंह की पत्नी है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, नवनीत कौर नामक महिला उनके बेटे नवकिरणजीत सिंह को स्पाउस वीजा पर ऑस्ट्रेलिया ले गई थी। आरोप है कि नवनीत के विदेश जाने के बाद उसके कुछ करीबी और आरोपी पक्ष के लोग शिकायतकर्ता के घर आए। उन्होंने घर की अलमारी से करीब 20 तोले सोना और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। जब नवकिरणजीत ने इस चोरी के संबंध में अपनी पत्नी नवनीत कौर से ऑस्ट्रेलिया में बात की, तो उसने सुलह करने के बजाय झगड़ा शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब नवनीत ने रंजिश निकालते हुए ऑस्ट्रेलिया में चल रहे केस से अपने पति का नाम ही कटवा दिया।
स्टडी वीजा और विदेश भेजने के नाम पर शिकायतकर्ता के करीब 50 लाख रुपये खर्च करवाए गए। बेटे को पीआर दिलाने का वादा कर उसे बीच में छोड़ दिया और धोखाधड़ी की। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने अपने बेटे के भविष्य के लिए खून-पसीने की कमाई लगा दी थी, लेकिन नवनीत कौर ने न केवल पैसे हड़पे बल्कि उनके बेटे का भविष्य भी दांव पर लगा दिया। पुलिस ने इस मामले में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here