Edited By Urmila,Updated: 07 Jul, 2026 12:20 PM

लुधियाना में सोशल मीडिया पर एक्टिव इन्फ्लुएंसर रणजीत कौर उर्फ भाभी चुम्मेवाली और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पंजाब डेस्क : लुधियाना में सोशल मीडिया पर एक्टिव इन्फ्लुएंसर रणजीत कौर उर्फ भाभी चुम्मेवाली और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई निहंग संगठन से जुड़े मनप्रीत सिंह खालसा की शिकायत के बाद की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रणजीत कौर सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो डाल रही हैं, जिनमें भाषा, हाव-भाव और पहनावे को लेकर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह के कंटेंट से समाज पर गलत असर पड़ रहा है, खासकर बच्चों पर। इसके अलावा आरोप यह भी है कि कुछ वीडियो में पुलिस अधिकारियों का नाम लेकर यह जताया गया कि उन्हें इस तरह का कंटेंट डालने की अनुमति है, जो पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि बिना अनुमति घर में शिवलिंग स्थापित कर उसकी मर्यादा भंग की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार इस तरह के कृत्य से हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना मोती नगर के एसएचओ भूपिंदर सिंह ने बताया कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
वहीं रणजीत कौर और उनके पति ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि वे खुद को परेशान किए जाने को लेकर पुलिस कमिश्नर को शिकायत दे चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास शिकायतकर्ता के खिलाफ सबूत हैं, जिन्हें वे समय आने पर सामने रखेंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले निहंग जत्थेबंदियों द्वारा रणजीत कौर के घर जाकर विरोध भी किया गया था, जिस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
रणजीत कौर ने कोरोना काल में सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना शुरू किया था। ‘भाभी चुम्मेवाली’ नाम से पहचान बनने के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और बाद में उन्हें जट्ट एंड जूलियट 3 में छोटा रोल भी मिला। फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच के अधीन है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here