Edited By Vaneet,Updated: 23 Sep, 2019 08:54 PM
अमृतसर के लवकुश नगर में सोमवार देर शाम एक कबाड़ में तेज धमाका होने की खबर मिली है।
अमृतसर: अमृतसर के लवकुश नगर में सोमवार देर शाम एक कबाड़ में तेज धमाका होने की खबर मिली है। इस धमाके में दो लोगों की मौत जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में ढाई साल का एक बच्चा भी है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज शहर के कंटोनमेंट थाने का स्क्रैप बेचा गया था। उसे लवकुश नगर निवासी रतनलाल उठाकर अपनी गली में ले गया था। पुलिस के अनुसार स्क्रैप में पटाखे व आतिशबाजी भी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर शाम स्क्रैप में से पटाखे निकाला जा रहा था और इसी दौरान धमका हो गया। धमाके की आवाज से पूरा क्षेत्र कांप उठा।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल सिविल अस्पताल में पहुंचे और घटना में घायल हुए लोगों के हालत के बारे में जानकारी ली। धमाके में दो लोगों रतनलाल और राजेंद्र कुमार की मौत हो गई।
ढाई साल के एक बच्चे सहित 4 लोग घायल हो गए। उनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।