Edited By VANSH Sharma,Updated: 28 May, 2026 09:45 PM

पंजाब में नशे का “छठा दरिया” किस तरह युवाओं की जिंदगी और उनके परिवारों को तबाह कर रहा है, इसका एक दर्दनाक उदाहरण कस्बा भदौड़ से सामने आया है।
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): पंजाब में नशे का “छठा दरिया” किस तरह युवाओं की जिंदगी और उनके परिवारों को तबाह कर रहा है, इसका एक दर्दनाक उदाहरण कस्बा भदौड़ से सामने आया है। यहां मोहल्ला ‘वड्डे कौड़ियां’ स्थित श्मशान घाट से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लाखवीर सिंह उर्फ बट्टा (पुत्र बूटा सिंह) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसकी मौत कथित तौर पर नशे की ओवरडोज़ के कारण हुई है।
श्मशान घाट बना नशे का अड्डा
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर आमतौर पर अंतिम संस्कार होते हैं, उसी श्मशान घाट को कुछ युवक नशा करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां आए दिन कुछ युवक खुलेआम नशा करते हैं। पुलिस समय-समय पर गश्त करती है, लेकिन इसके बावजूद इस पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है।
तीन मासूम बच्चे हुए बेसहारा
लाखवीर सिंह की मौत ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। वह शादीशुदा था और अपने पीछे दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है। अब ये तीनों बच्चे पिता के साए से वंचित हो गए हैं। मृतक के पिता बूटा सिंह ने भावुक होकर बताया, “मेरा बेटा पिछले चार साल से नशे की दलदल में फंसा हुआ था। हमने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह इस लत से बाहर नहीं निकल पाया।”
पुलिस की कार्रवाई और अपील
थाना भदौड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना भदौड़ के इंस्पेक्टर हरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ समाज को आगे आना होगा। अगर कोई व्यक्ति नशा बेचता या सार्वजनिक स्थानों पर नशा करता दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here