Edited By Urmila,Updated: 25 Sep, 2026 02:25 PM

संगरूर में तीन मासूम बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने उनकी मां लवप्रीत कौर को गिरफ्तार किया है।
पंजाब डेस्क : संगरूर में तीन मासूम बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने उनकी मां लवप्रीत कौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोप है कि महिला ने अपने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक के साथ प्रेम संबंध के चलते बच्चों को जहरीला पदार्थ मिला हुआ खाना खिला दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला का दावा है कि उसका इरादा बच्चों की हत्या करना नहीं था, बल्कि वह उन्हें बीमार करना चाहती थी, ताकि पति उनकी देखभाल में व्यस्त हो जाए और वह प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा सके। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, लवप्रीत कौर की शादी वर्ष 2018 में कुलविंदर सिंह से हुई थी। कुलविंदर ट्रक ड्राइवर है और काम के कारण अक्सर घर से बाहर रहता था। दंपती के तीन बच्चे थे—6 वर्षीय जसनूर कौर, 5 वर्षीय अरमानदीप सिंह और ढाई वर्षीय रिहानदीप सिंह।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई बातचीत, फिर बढ़ी नजदीकियां
पुलिस जांच के मुताबिक, मार्च 2026 में लवप्रीत की इंस्टाग्राम के माध्यम से फाजिल्का के जलालाबाद निवासी हरजीत सिंह से बातचीत शुरू हुई। पुलिस का कहना है कि धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि महिला कई बार घर से बाहर जाने के बहाने युवक से मिलने भी जाती थी। जांच में सामने आया कि अब महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ जाने की योजना बना रही थी। इसी दौरान बच्चों को जहरीला पदार्थ देने की घटना सामने आई।

रक्षाबंधन पर आई मिठाई में मिलाया जहरीला पदार्थ
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर लवप्रीत की ननद और नंदोई घर पर मिठाई लेकर आए थे। उनके जाने के बाद आरोप है कि महिला ने मिठाई में घर में रखी कीटनाशक दवा मिला दी और फिर यही मिठाई तीनों बच्चों को खिला दी। मिठाई खाने के बाद तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया।
एक-एक कर तीनों बच्चों ने तोड़ा दम
इलाज के दौरान 29 और 30 अगस्त की रात 5 वर्षीय अरमानदीप सिंह की मौत हो गई। इसके बाद 2 सितंबर को 6 वर्षीय जसनूर कौर ने भी दम तोड़ दिया। सबसे छोटे बच्चे ढाई वर्षीय रिहानदीप सिंह की 11 सितंबर को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुरुआत में परिवार को बच्चों की मौत सामान्य बीमारी के कारण होने का संदेह था, लेकिन लगातार तीन बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की।
दूसरे डिब्बे की मिठाई ने बढ़ाया पुलिस का शक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मिठाई का दूसरा डिब्बा परिवार के अन्य बच्चों ने भी खाया था, लेकिन उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और मिठाई के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए। पुलिस के अनुसार, दो बच्चों के पोस्टमॉर्टम में जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की बात सामने आई। इसके बाद जांच का दायरा परिवार के सदस्यों तक पहुंचा।
पति-पत्नी से अलग-अलग पूछताछ में खुला मामला
थाना भवानीगढ़ के एसएचओ यशपाल शर्मा के अनुसार, पुलिस ने बच्चों के पिता कुलविंदर सिंह और मां लवप्रीत कौर से अलग-अलग पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने लवप्रीत की भूमिका संदिग्ध पाई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने बच्चों को जहरीला पदार्थ देने की बात स्वीकार की, लेकिन उसने हत्या की मंशा से इनकार करते हुए दावा किया कि वह केवल बच्चों को बीमार करना चाहती थी।
प्रेमी की तलाश में पुलिस
पुलिस ने लवप्रीत कौर और उसके कथित प्रेमी हरजीत सिंह के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार हरजीत सिंह फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here