Edited By Vatika,Updated: 13 Apr, 2026 02:25 PM

तलवाड़ा पुलिस ने एक महिला द्वारा सल्फास की गोलियां खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने के मामले
तलवाड़ा(हरविन्द्र जोशी): तलवाड़ा पुलिस ने एक महिला द्वारा सल्फास की गोलियां खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने के मामले में उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी देते हुए एस.एच.ओ. तलवाड़ा सतपाल सिंह ने बताया कि मृतका के पिता सुरिंदर सिंह, निवासी मातनहोल झज्जर, हरियाणा ने पुलिस को बयान दर्ज कराए हैं।
मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था परिवार
शिकायतकर्ता के अनुसार,उनकी लड़की नीलम (30) की शादी 14 फरवरी 2014 को दविंदर सिंह निवासी रेवाड़ी हाल निवासी तलवाड़ा के साथ हुई थी। घर में कोई बच्चा न होने के कारण, शादी के करीब एक साल बाद से ही ससुराल वाले नीलम को संतान न होने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। पति दविंदर सिंह अपने माता-पिता के कहने पर अक्सर नीलम की मारपीट करता था और उसे अपने मायके वालों से फोन पर बात करने से भी रोका जाता था। पिता सुरिंदर सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर करीब 1:15 बजे नीलम ने उन्हें फोन करके बताया कि वह ससुराल वालों के अत्याचारों से तंग आकर सल्फास की गोलियां खा रही है। जब परिवार हरियाणा से तलवाड़ा के लिए रवाना हुआ, तो रास्ते में ही उन्हें नीलम की मौत की खबर मिली।
मृतका के पिता के बयानों के आधार पर केस दर्ज
आरोप है कि जब मृतका के भाई दीपक ने अपने जीजा से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने आगे से बदसलूकी की और कोई जानकारी नहीं दी। तलवाड़ा पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर पति दविंदर सिंह, ससुर कृष्ण कुमार और सास वीना के खिलाफ तंग-परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है और मामले की अगली जांच जारी है।