Edited By Urmila,Updated: 19 Apr, 2026 11:57 AM

इटली के कोवो शहर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुद्वारा साहिब के बाहर ड्यूटी पर तैनात दो सिख सेवादारों को सरेआम गोलियों से छलनी कर दिया गया।
पंजाब डेस्क : इटली के कोवो शहर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुद्वारा साहिब के बाहर ड्यूटी पर तैनात दो सिख सेवादारों को सरेआम गोलियों से छलनी कर दिया गया। हमलावरों ने अंधाधुंध करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान राजिंद्र सिंह (48) और गुरमीत सिंह (48) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से गुरुद्वारा साहिब से जुड़े हुए थे और सेवा कार्य संभाल रहे थे। दोनों सेवादारों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात दोनों सेवादार गुरुद्वारा साहिब के मुख्य प्रवेश द्वार पर मौजूद थे। इसी दौरान एक कार में सवार आरोपी वहां पहुंचे और बिना किसी बहस या चेतावनी के सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी कार में बैठकर फरार हो गए।
इटली पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर भारतीय मूल का हो सकता है। सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां इस हत्याकांड को आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही हैं।
घटना के बाद बैसाखी के मौके पर निकाले जाने वाला नगर कीर्तन रद्द कर दिया गया है। राजिंद्र सिंह तीन बच्चों के पिता थे, जबकि गुरमीत सिंह के दो बच्चे हैं। इस दोहरे हत्याकांड से प्रवासी सिख समुदाय में भारी रोष और शोक का माहौल है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here