Edited By Vatika,Updated: 04 Aug, 2026 11:48 AM

सुल्तानपुर लोधी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब दरिया ब्यास के किनारे एक युवक का शव मिलने की खबर सामने आई।
सुल्तानपुर लोधी(धीर): सुल्तानपुर लोधी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब दरिया ब्यास के किनारे एक युवक का शव मिलने की खबर सामने आई। मृतक की पहचान सोनू सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी गांव मंगूपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक और इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है। परिवार के सदस्यों ने इस मामले को संदिग्ध बताते हुए युवक की मौत के पीछे हत्या की संभावना जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करके सच सामने लाने की मांग की है।
मृतक के मामा जसवंत सिंह निवासी मंगूपुर ने बताया कि सोनू सिंह 31 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे रोटी खाने के बाद घूमने के लिए घर से बाहर गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं आया। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की थी। जसवंत सिंह ने बताया कि 2 अगस्त को जानकारी मिली कि दरिया ब्यास के किनारे एक युवक का शव मिला है। जब मौके पर जाकर पहचान की गई तो शव सोनू सिंह का निकला। परिवार का दावा है कि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे, जिसके कारण उन्हें शक है कि सोनू सिंह की हत्या हुई है। परिवार ने मांग की है कि इस मामले की हर पहलू से जांच की जाए और अगर कोई दोषी है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले के संबंध में जानकारी देते हुए ए.एस.पी. धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस को 2 अगस्त को दरिया ब्यास में से एक शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान सोनू सिंह निवासी मंगूपुर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में रखा गया है। ए.एस.पी. ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि युवक की मौत के पीछे की असल सच्चाई सामने आ सके।