लुधियाना रेलवे कॉलोनी में सनसनी! सरकारी क्वार्टर से सीनियर रेल कर्मचारी का सड़ा-गला शव बरामद

Edited By Vatika,Updated: 08 Jul, 2026 12:16 PM

dead body found

लुधियाना रेलवे स्टेशन के पास स्थित मुख्य रेलवे कॉलोनी में उस समय खौफ पसर गया

लुधियाना(राज): लुधियाना रेलवे स्टेशन के पास स्थित मुख्य रेलवे कॉलोनी में उस समय खौफ पसर गया, जब एक सरकारी क्वार्टर के भीतर से एक सीनियर रेल कर्मचारी का कई दिन पुराना सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन के प्रतिष्ठित पद पर तैनात था। भीषण गर्मी और बंद कमरे के कारण लाश इस कदर गल चुकी थी कि उसकी आँखें और जीभ तक बाहर आ चुकी थीं, जिसे देखकर मौके पर पहुँचे लोगों की रूह कांप गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस और रेलवे यूनियन के आला पदाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लिया।

मौत करीब 4 से 5 दिन पहले ही होने का आसार 
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रेल कर्मचारी अवधेश कुमार पिछले कुछ दिनों से अपने दफ्तर या कॉलोनी में किसी को दिखाई नहीं दिए थे। मंगलवार शाम को अचानक उनके क्वार्टर के आस-पास से असहनीय बदबू आने लगी। बदबू इतनी तेज थी कि पड़ोसियों का वहां खड़ा होना भी दूभर हो गया। अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और यूनियन को दी। सूचना मिलते ही एनआरएमयू (NRMU) के ब्रांच प्रधान गौरव शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने देखा कि क्वार्टर का दरवाजा हल्का सा खुला हुआ था, और जैसे ही उन्होंने भीतर कदम रखा, अंदर अवधेश कुमार का शव बेहद वीभत्स अवस्था में फर्श पर पड़ा था। एनआरएमयू के ब्रांच प्रधान गौरव शर्मा ने हादसे की खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि कमरे के भीतर शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसे पहचानना भी मुश्किल हो रहा था। कयास लगाए जा रहे हैं कि अवधेश की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले ही हो चुकी थी। इन दिनों पड़ रही रिकॉर्डतोड़ भीषण गर्मी और बंद कमरे के उमस भरे माहौल के कारण शव पूरी तरह से फूल गया था और उसमें कीड़े पड़ने शुरू हो चुके थे।

साइलेंट अटैक आने पर बिगड़ी तबीयत
गौरव शर्मा के अनुसार, अवधेश कुमार को आखिरी बार कुछ दिन पहले रात करीब 11 बजे दफ्तर में ड्यूटी से संबंधित जानकारी लेते हुए देखा गया था, जिसके बाद वे कभी ड्यूटी पर नहीं लौटे। उन्होंने बताया कि अवधेश को शराब पीने की गंभीर लत थी। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब के सेवन और भीषण गर्मी के जानलेवा कॉम्बिनेशन के कारण ही उनकी मौत हुई होगी। थाना डिवीजन नंबर-8 के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को इस घटना की सूचना मंगलवार शाम 8:00 बजे के बीच मिली थी। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि मृतक अवधेश कुमार यादव मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले थे। उनकी पत्नी पिछले 8-10 दिनों से अपने पैतृक गांव बिहार गई हुई थीं, जिसके कारण अवधेश इस सरकारी क्वार्टर में पूरी तरह अकेले रह रहे थे। अकेले होने के कारण जब उन्हें साइलेंट अटैक आया या तबीयत बिगड़ी, तो उन्हें समय पर अस्पताल पहुँचाने वाला भी कोई नहीं था। पुलिस अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया है और उसे लुधियाना के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के भागलपुर से लुधियाना पहुँचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक और वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!