विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू, DC ने अधिकारियों को जारी किए आदेश

Edited By Sunita sarangal,Updated: 17 Sep, 2026 04:35 PM

dc orders for punjab assembly elections 2027

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता का आकलन निर्धारित चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशा अनुसार किया जाए, ताकि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए सुरक्षित एवं सुचारू मतदान का वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

नवांशहर(त्रिपाठी): आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी गुलप्रीत सिंह औलख की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक परिसर स्थित बैठक कक्ष में संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान एवं सुरक्षा प्रबंधों संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में एस.एस.पी. तुषार गुप्ता भी विशेष तौर पर मौजूद थे।

बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संवेदनशीलता मैपिंग, महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों, व्यय संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों तथा व्यय संवेदनशील स्थानों की पहचान संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा चुनाव-2022 तथा लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान चिन्हित संवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा करते हुए आगामी चुनाव के लिए आवश्यक जानकारी अपडेट की जाए।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता का आकलन निर्धारित चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशा अनुसार किया जाए, ताकि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए सुरक्षित एवं सुचारू मतदान का वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूर्व चुनावों के अनुभवों, मतदान केंद्रों की स्थिति तथा अन्य प्रासंगिक तथ्यों का अध्ययन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील मतदान केंद्रों एवं स्थानों की पहचान एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके तहत चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले संभावित जोखिमों का समय रहते आकलन किया जाता है। इसके लिए रिटर्निंग अधिकारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

बैठक में रिटर्निंग अधिकारियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सुपरवाइजरों एवं संबंधित थाना प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठकें आयोजित कर संवेदनशील मतदान केंद्रों, महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों तथा व्यय संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान संबंधी कार्रवाई पूरी करें। साथ ही, आवश्यकतानुसार सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जाए।

डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल से कार्य किया जाए।

बैठक में एस.डी.एम. बलाचौर सुनील फौगाट, एस.डी.एम. अनमज्योत कौर, एस.डी.एम. बंगा विपिन भंडारी, डी.एस.पी. पंकज शर्मा, डी.एस.पी. बलाचौर हेमंत मल्होत्रा, डी.एस.पी बंगा हरजीत सिंह, चुनाव तहसीलदार अमनदीप सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!