Edited By Vatika,Updated: 11 Nov, 2026 01:18 PM

पंजाब के मानसा जिले में 35 वर्षीय दलजीत सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है
मानसा: पंजाब के मानसा जिले में 35 वर्षीय दलजीत सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। भंमे कलां गांव के रहने वाले दलजीत सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण नशे का ओवरडोज बताया गया है। यह रिपोर्ट बठिंडा स्थित एम्स की ओर से जारी की गई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस की शुरुआती जांच और हत्या के आरोपों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, दलजीत सिंह की मौत के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उस समय नशे के ओवरडोज की आशंका को खारिज कर दिया था। इसके बाद गिरफ्तार युवकों के परिवारों ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि दलजीत की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है और उनके बच्चों को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।
अब एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ओवरडोज की बात सामने आने के बाद मामले की जांच का रुख बदल सकता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि दलजीत सिंह को नशीला पदार्थ किसने दिया था और उसे यह कहां से मिला? पुलिस जांच में इन पहलुओं का खुलासा होना बाकी है।