Edited By Kalash,Updated: 11 Jun, 2025 03:49 PM

गर्मी का प्रकोप दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है।
होशियारपुर (राजेश जैन): गर्मी का प्रकोप दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है। आज शहर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी के चलते सामान्य जनजीवन, सड़कों पर आवागमन तथा कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इसी बीच गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान के कारण गर्मी से होने वाली बीमारियों जैसे लू लगने से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी करते हुए सिविल सर्जन डा. पवन कुमार शगोत्रा ने लोगों से गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।
सिविल सर्जन ने कहा कि गर्मी से संबंधित बीमारियां उस स्थिति को कहते हैं जब आपका शरीर उच्च तापमान वाले वातावरण के संपर्क में आता है और खुद को ठंडा करने के लिए सामान्य रूप से प्रतिक्रिया करने में असमर्थ हो जाता है। इस स्थिति में सबसे गंभीर स्थिति को हीट स्ट्रोक कहा जाता है, जिसके लक्षणों में शरीर का तापमान 40 डिग्री से अधिक होना, बेहोशी/मानसिक भ्रम/भ्रम, चक्कर आना, सूखी व लाल त्वचा, अत्यधिक कमजोरी, तेज सिरदर्द, पसीना न आना, उल्टी होना आदि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति में रोगी को तुरंत ठंडे, छायादार स्थान पर ले जाना चाहिए, प्राथमिक उपचार के उपाय जैसे कपड़ों को ढीला व कम करना, ठंडे पानी से छिड़काव करना, बर्फ/ठंडे पानी में भीगे तौलिए/कपड़े से शरीर को ठंडा करना, सिर, गर्दन, बगल, पेट व जांघों के बीच पंखा झेलना आदि करना चाहिए तथा यदि व्यक्ति होश में हो तो उसे थोड़ा-थोड़ा करके ओ.आर.एस. या ठंडा पानी पिलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगे के उपचार के लिए रोगी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना बहुत जरूरी है ताकि उचित उपचार द्वारा रोगी की जान बचाई जा सके। यदि संभव हो तो मरीज को वातानुकूलित वाहन में अस्पताल ले जाना चाहिए। यदि मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई तो स्थिति खतरनाक हो सकती है।
सिविल सर्जन ने बताया कि हीटस्ट्रोक व अन्य गर्मी जनित बीमारियों से बचाव के लिए निम्नलिखित सावधानियां बरतनी चाहिए। गर्म दिनों में, सूती और हल्के रंग के ढीले-ढाले कपड़े पहनें जो पसीने को सोखकर शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं और कम गर्मी अवशोषित करते हैं। तेज धूप में काम करने/व्यायाम करने/खेलने से बचें। दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे के बीच धूप में बाहर जाने से बचें। सीधे सूर्य की रोशनी से खुद को बचाने के लिए छाता, टोपी, तौलिया या स्कार्फ का उपयोग करें। मौसमी फल और सब्जियां खाएं जैसे तरबूज, संतरा, मौसमी फल, खीरा, टमाटर आदि, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here