जामा मस्जिद की दुकान पर 'केमिकल अटैक'; मुस्लिम धार्मिक किताबें और सामान जलकर स्वाह

Edited By Vatika,Updated: 06 Jul, 2026 08:59 AM

crime in ludhiana

महानगर के न्यू शिवपुरी इलाके के अधीन आते संतोख नगर में सांप्रदायिक सौहार्द और धार्मिक भाईचारे को

लुधियाना, (राज): महानगर के न्यू शिवपुरी इलाके के अधीन आते संतोख नगर में सांप्रदायिक सौहार्द और धार्मिक भाईचारे को बिगाड़ने की एक बेहद खौफनाक और घिनौनी साजिश सामने आई है। यहाँ स्थित मरकजी सुमनी नूरी जामा मस्जिद (गली नंबर 4) के परिसर में बनी एक धार्मिक किताबों की दुकान को तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने रात के अंधेरे में दुकान पर कोई ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर सरेआम आग लगा दी। इस आगजनी में दुकान के भीतर रखीं पवित्र मुस्लिम धार्मिक किताबें और मस्जिद में इस्तेमाल होने वाला अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घिनौनी हरकत से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भारी ठेस पहुँची है और पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है।

पुलिस को दिए अपने बयानों में अब्दुल रजाक ने बताया कि वह मरकजी सुमनी नूरी जामा मस्जिद, संतोख नगर (न्यू शिवपुरी, लुधियाना) में बतौर सेवादार काम करता है। मस्जिद की दीवार के थड़े में ही मस्जिद प्रबंधन की ओर से एक दुकान दी गई है, जिसमें पीड़ित मुस्लिम धार्मिक किताबें और मस्जिद में इस्तेमाल होने वाली पवित्र सामग्रियां व अन्य सामान बेचकर अपना गुजारा करता है। बीती 4 जुलाई की रात को वह मस्जिद के भीतर मौजूद था, तभी अचानक बाहर गली में अचानक भारी शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनाई दी। जब वह हड़बड़ाकर मस्जिद से बाहर आया, तो सामने का मंजर देखकर उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। उसकी धार्मिक किताबों की दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं और सामने रहने वाले पड़ोसी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की जद्दोजहद में जुटे थे। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकान के भीतर रखीं तमाम पवित्र धार्मिक किताबें, इस्लामिक साहित्य और मस्जिद में इस्तेमाल होने वाला अन्य कीमती साजो-सामान जलकर पूरी तरह स्वाह  हो चुका था। पीड़ित सेवादार ने रोते हुए बताया कि इस आगजनी से जहाँ उसकी धार्मिक भावनाओं को बहुत गहरी ठेस पहुँची है, वहीं उसका भारी माली नुकसान भी हुआ है, जिससे उसकी रोजी-रोटी छिन गई है। शुरुआत में इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा था, लेकिन जब मुद्दई और मस्जिद कमेटी ने मस्जिद में लगे तीसरी आँख यानी सीसीटीवी  कैमरों की फुटेज को खंगाला, तो रूह कँपा देने वाली साजिश का पर्दाफाश हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात नकाबपोश युवक गली में आते हैं। वे सीधे सेवादार की दुकान के पास रुकते हैं। उनमें से एक युवक बोतल में लाया कोई खतरनाक ज्वलनशील पदार्थ दुकान के शटर और अंदर की तरफ छिड़कता है और पलक झपकते ही माचिस मारकर आग लगा देता है। आग भड़कते ही तीनों आरोपी मोटरसाइकिल की स्पीड बढ़ाकर मौके से फरार हो जाते हैं। मस्जिद परिसर की दुकान में आगजनी और धार्मिक किताबों के जलने की खबर मिलते ही लुधियाना पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और कमांडो दस्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तनाव को देखते हुए पूरे न्यू शिवपुरी और संतोख नगर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। थाना दरेसी पुलिस ने मुद्दई के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने, आगजनी करने और सांप्रदायिक शांति भंग करने की संगीन धाराओं के तहत एफ.आई.आर. (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों के हुलिए और बाइक के नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!