Edited By Urmila,Updated: 09 Mar, 2026 11:57 AM

अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।
अमृतसर (इन्द्रजीत/नीरज) : अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट (ए.डी.एम.) रूपिंदर पाल सिंह ने 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023' की धारा-163 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए हवाई अड्डे के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन और ड्रोन कैमरों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय प्रशासनिक आदेश के अनुसार, श्री गुरु रामदास अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट (अजनाला रोड, राजासांसी) एक संवेदनशील क्षेत्र है, जहां दिन-रात घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का आवागमन लगा रहता है। देखने में आया है कि हवाई अड्डे के पास स्थित होटलों और मैरिज पैलेसों में होने वाले निजी कार्यक्रमों की कवरेज के लिए आम जनता अक्सर ड्रोन कैमरों का उपयोग करती है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजैंसियों को अंदेशा है कि इन ड्रोन कैमरों की आड़ में कोई भी असामाजिक तत्व किसी अप्रिय घटना या बड़े हादसे को अंजाम दे सकता है। हवाई यातायात की सुरक्षा और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए इस ग्रामीण अधिकार क्षेत्र में ड्रोन उड़ाना अब प्रतिबंधित होगा।
आज्ञा के उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई : एयरपोर्ट निर्देशक भूपेंद्र सिंह
अमृतसर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निदेशक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इस संबंध में एयरपोर्ट पर तैनात सभी संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ-साथ सी.आई.एस.एफ. के जवानों को भी संबंधित जिला प्रशासन के निर्देशों से अवगत करवा दिया गया है, जिसमें यह पाबंदी तत्काल प्रभाव से लागू होने और 6 मई 2026 तक प्रभावी रहने का वर्णन है। इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने स्पष्ट करते हुए कहा कि अमृतसर हवाई अड्डे और इसके इर्द-गिर्द इलाकों पर वैसे भी सामान्य हालातों में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगी रहती है, क्योंकि अमृतसर एयरपोर्ट के साथ ही एयर फोर्स स्टेशन भी स्थित है इसके कारण यहां की संवेदनशीलता हमेशा बनी रहती है। वहीं वर्तमान वैश्विक स्तर पर चल रहे हालातों के मध्य नजर हमारे यहां पहले से ही ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी चल रही है और अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दिन-रात आने जाने वाली उड़ानों का सिलसिला चलता रहता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here