Edited By Urmila,Updated: 14 Jun, 2025 01:32 PM

पुलिस को गुमराह कर लूट की झूठी कहानी बनाने वाले व्यक्ति को थाना कोतवाली पटियाला की पुलिस ने एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर जसप्रीत सिंह काहलों की अगुवाई में गिरफ्तार कर लिया है।
पटियाला (बलजिन्द्र) : पुलिस को गुमराह कर लूट की झूठी कहानी बनाने वाले व्यक्ति को थाना कोतवाली पटियाला की पुलिस ने एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर जसप्रीत सिंह काहलों की अगुवाई में गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की पुष्टि करते हुए एस.पी. सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति हमित कुमार निवासी जुझार नगर, पटियाला है।
एस.पी. चीमा ने बताया कि हमित कुमार ने थाना कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने घलोड़ी गेट मरिया के पास उस पर चाकू से हमला कर 4 लाख रुपए लूट लिए हैं। सूचना मिलने के बाद एस.एस.पी. वरुण शर्मा, एस.पी. सिटी पलविंदर सिंह चीमा और डी.एस.पी. सिटी-1 सतनाम सिंह ने थाना कोतवाली के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर जसप्रीत सिंह काहलों की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की।
टीम ने गहराई से और तकनीकी दृष्टिकोण से तथा सी.सी.टी.वी. कैमरों की मदद से जांच की तो पता चला कि हमित कुमार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए यह झूठा ड्रामा रचा था। जब पुलिस ने हमित कुमार को हिरासत में लेकर गहराई से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि उस पर 2 लाख रुपए का कर्ज था। इस कारण उसने 4 लाख रुपए हड़पने की नीयत से यह कहानी बनाई।
एस.पी. सिटी ने बताया कि हमित कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उससे 4 लाख रुपए की राशि भी बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस झूठी कहानियां गढ़ने और पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने थाना कोतवाली के एस.एच.ओ. जसप्रीत सिंह काहलों और उनकी टीम की भी प्रशंसा की। इस अवसर पर डी.एस.पी. सिटी-1 सतनाम सिंह और एस.एच.ओ. जसप्रीत सिंह काहलों भी उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here