Edited By Urmila,Updated: 02 Aug, 2026 09:40 AM

एयर इंडिया ने दिल्ली-टोरंटो रूट पर अपने नए बी.787-9 विमानों का परिचालन शुरू कर दिया है, जिससे कनाडा जाने वाले यात्रियों को पहली बार एयरलाइन के आधुनिक कैबिन प्रोडक्ट्स और विश्वस्तरीय ऑनबोर्ड सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अमृतसर (इन्द्रजीत) : एयर इंडिया ने दिल्ली-टोरंटो रूट पर अपने नए बी.787-9 विमानों का परिचालन शुरू कर दिया है, जिससे कनाडा जाने वाले यात्रियों को पहली बार एयरलाइन के आधुनिक कैबिन प्रोडक्ट्स और विश्वस्तरीय ऑनबोर्ड सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही एयरलाइन ने आगामी विंटर 2026-27 सीजन के लिए अपने कनाडा नैटवर्क के विस्तार की घोषणा की है।
इस योजना के अंतर्गत एयर इंडिया 25 अक्तूबर 2026 से 26 मार्च 2027 के बीच मुंबई और टोरंटो के बीच सप्ताह में 3 बार चलने वाली सीज़नल नॉन-स्टॉप सर्विस शुरू करेगी। मुंबई और टोरंटो के बीच सीधी उड़ान एयर इंडिया एकमात्र होगी। इससे भारत/कनाडा के बीच हर महीने लगभग 4,400 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी, जिससे कुल क्षमता के साथ-साथ टोरंटो रूट पर प्रीमियम सीट क्षमता में 71 प्रतिशत वृद्धि होगी।
इसी बीच मुंबई-टोरंटो रूट पर अपग्रेडेड बोइंग 777-300.ई.आर विमान तैनात किया जाएगा, जिसमें प्राइवेसी स्लाइडिंग दरवाजों वाले 8 फर्स्ट क्लास सुइट, बिजनैस क्लास में 40 फ्लैट बैड और इकोनॉमी क्लास में 280 सीटें होंगी व यात्रियों को वाई-फाई इंटरनेट सुविधा भी मिलेगी। मुंबई और दिल्ली हब से कनाडा के यात्री अमृतसर, अहमदाबाद, बैंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, लुधियाना और वडोदरा जैसे प्रमुख स्थानों से कनैक्ट हो सकेंगे।
दिल्ली-टोरंटो मार्ग पर साप्ताहिक उड़ानें
दिल्ली-टोरंटो मार्ग पर वर्तमान में चलने वाली 10 साप्ताहिक उड़ानों में से 7 उड़ानें नए बोइंग 787-9 विमान से संचालित होंगी। शेष 3 साप्ताहिक उड़ानों को भी फ्लीट विस्तार के साथ जनवरी 2027 तक नए बोइंग 787-9 विमानों से बदल दिया जाएगा। इसके बाद टोरंटो जाने वाली एयर इंडिया की 100 प्रतिशत उड़ानों में नए या अपग्रेड किए गए कैबिन इंटीरियर होंगे। विंटर सीजन में एयर इंडिया भारत से कनाडा के लिए हर सप्ताह कुल 20 उड़ानों का संचालन करेगी, जिनमें दिल्ली से टोरंटो के लिए 10, मुंबई से टोरंटो के लिए 3 और दिल्ली से वैंकूवर के लिए 7 उड़ानें शामिल हैं।
कनाडा एयर इंडिया के महत्वपूर्ण बाजारों में एक : निपुण अग्रवाल
एयर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर निपुण अग्रवाल ने कहा कि कनाडा एयर इंडिया के सबसे महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में से एक है। त्यौहारों और छुट्टियों के सीजन में भारी मांग को देखते हुए मुंबई-टोरंटो सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तरी अमेरिका मार्ग पर नए विमान पेश करना एयर इंडिया का महत्वपूर्ण कदम है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here