Edited By Urmila,Updated: 06 Apr, 2026 01:12 PM

रविवार को बाद दोपहर समराला चौक के निकट स्थित नरेंदर नगर में कार से 5 साल की बच्ची को चुराने की कोशिश कर रही महिला को बच्ची के पिता ने पकड़ लिया।
लुधियाना (गौतम): रविवार को बाद दोपहर समराला चौक के निकट स्थित नरेंदर नगर में कार से 5 साल की बच्ची को चुराने की कोशिश कर रही महिला को बच्ची के पिता ने पकड़ लिया। शोर सुनकर अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं ने बच्चा चुराने की कोशिश करने वाली महिला की धुनाई की। शिकायत मिलने पर थाना डिवीजन नंबर 3 के अधीन आती चौकी धर्मपुरा की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और महिला को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। इंस्पैक्टर बलविंदर कौर ने बताया कि मामले को लेकर जांच की जा रही है और जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी ।
नरेंदर नगर के रहने वाले मनमीत सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी और 5 साल के दो जुडवां बच्चों बेटी गुमकीरत व गुनकीरत के साथ श्री गुरूद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए जाने लगा था। अभी वह अपनी कार घर से बैक कर रहे थे कि उन्होंने देखा कि एक अज्ञात महिला उनकी कार की खुली हुई खिड़की से बच्ची को बाहर खींचने की कोशिश कर रही है।
पता चलते ही उन्होंने एकदम कार को रोक दिया और बाहर निकल कर शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग भी इकट्ठे हो गए। पता चलने पर वहां पर मौजूद महिलाओं ने उस महिला को पकड़कर उसकी धुनाई की और पुलिस को सूचित किया । लोगों ने बताया कि जब महिला ने खुद को फंसते हुए देखा तो उसने पागल होने का ड्रामा करना शुरू कर दिया और लोगों से गोल मोल बातें करनी शुरू कर दीं।
इस दौरान महिला ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उसने बच्ची को चुराने की कोशिश नहीं की, बल्कि वह खुद उसके पास आई है जबकि बच्ची के पिता का आरोप था कार का दरवाजा बंद था तो बच्ची उसके पास कैसे जा सकती है लेकिन कार का शीशा अचानक खुला रह गया था । महिला ने बच्ची चुराने की कोशिश की है। मौके पर पहुंचे ए.एस.आई. राममूर्ति ने बताया कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और महिला को हिरासत में लिया है। मामले को लेकर जांच की जा रही है और जांच के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here