Edited By Kamini,Updated: 13 Aug, 2026 05:31 PM

नांदेड़ साहिब में सुखबीर बादल पर हुए हमले को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
पंजाब डेस्क: नांदेड़ साहिब में सुखबीर बादल पर हुए हमले को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि राजनीतिक मतभेद और विचारों की असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन हिंसा को किसी भी सूरत में जायज नहीं ठहराया जा सकता।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि सचखंड श्री हजूर साहिब की पवित्र धरती पर इस तरह की घटना होना बेहद दुखद है। पंजाब पहले ही हिंसा के काले दौर का संताप झेल चुका है, इसलिए हर हाल में शांति, भाईचारे और कानून के राज की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के अच्छे स्वास्थ्य के लिए अरदास की। साथ ही महाराष्ट्र सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच करवाकर आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की अपील की।
गौरतलब है कि नांदेड़ साहिब पहुंचे सुखबीर सिंह बादल पर आज माता साहिब कौर गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल को वहां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय हरसिमरत कौर बादल समेत पूरा परिवार सुखबीर बादल के साथ मौजूद था। हमले के दौरान सिक्योरिटी में तैनात एक पुलिस कर्मी बीच-बचाव करते समय गंभीर रूप से घायल हो गया है। हालांकि, सुखबीर सिंह बादल की हालत के बारे में शुरुआती जानकारी यह है कि वह खतरे से बाहर हैं। हालांकि, अस्पताल ने अभी तक उनकी सेहत के बारे में डिटेल में मेडिकल जानकारी नहीं दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here