Edited By Subhash Kapoor,Updated: 18 Jun, 2026 12:43 AM

अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे एक ही गांव के 5 दोस्तों का देर रात एक ट्राले से सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि 4 अन्य दोस्त घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
तरनतारन, (रमन) : अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे एक ही गांव के 5 दोस्तों का देर रात एक ट्राले से सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि 4 अन्य दोस्त घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद जंडियाला गुरु थाने की पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव कदगिल के रहने वाले 5 दोस्त अमृतसर के एक होटल में अपने दोस्त समाईल प्रीत सिंह का जन्मदिन मनाने गए थे। जन्मदिन मनाने के बाद ये पांचों दोस्त कार में घर लौट रहे थे कि बीती रात करीब 11 बजे अमृतसर-बठिंडा नैशनल हाईवे 54 के गांव बंडाला में पैट्रोल पंप के नजदीक उनकी कार एक ट्राले से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जबकि ट्राला सहित ड्राइवर मौके से फरार हो गया। कार में सवार गुरलाल सिंह (19) पुत्र निशान सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके 4 दोस्तों संदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, राजदीप सिंह और स्माइल प्रीत सिंह को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिन्हें काफी गहरी चोटें लगी हैं। इस भयानक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही जंडियाला गुरु थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
गौरतलब है कि गुरलाल सिंह, जिसने पिछले साल 12वीं पास की थी, नौकरी की तलाश में था, जिसके घर के हालात बहुत नाजुक बताए जाते हैं, जबकि उसके पिता मजदूरी करते हैं। गुरलाल सिंह का बुधवार शाम गांव कदगिल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए थाना जंडियाला गुरु के तहत आने वाली पुलिस चौकी बंडाला के इंचार्ज हरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिवार वालों के बयानों के आधार पर इस सड़क हादसे के बारे में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।