Edited By Kalash,Updated: 25 Aug, 2026 04:53 PM

थाना बाघापुराना के अधीन पड़ते गांव समाधभाई निवासी शमिन्द्र सिंह की गांव के ही हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा रंजिश के चलते मारपीट करके हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
मोगा (आजाद): थाना बाघापुराना के अधीन पड़ते गांव समाधभाई निवासी शमिन्द्र सिंह की गांव के ही हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा रंजिश के चलते मारपीट करके हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बाघापुराना पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी परमिन्द्र कौर के बयानों पर निर्मल सिंह, बूटा सिंह, लखवीर सिंह, सतनाम कौर समेत 5 के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि उक्त मामले में मुख्य आरोपी समेत 4 को काबू किया गया है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि परमिन्द्र कौर ने कहा कि उसका पति शमिन्द्र सिंह गत 18 अगस्त को काम से घर वापस जा रहा था, तो रास्ते में हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं, रंजिशन उसको घेर लिया तथा बुरी तरह मारपीट करके घायल कर दिया। उसका पति वहीं गिर पड़ा, जिसको सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए फरीदकोट रैफर किया, जब वह वहां से 22 अगस्त को इलाज के लिए बठिंडा लेकर जा रहे थे, तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पीड़ित महिला ने कहा कि मेरे पति की रंजिश के कारण ही मारपीट करके हत्या की गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार निर्मल सिंह के पास जब शमिन्द्र सिंह किसी शंका के कारण शिकायत करने गया, तो उन्होंने कहा कि आप हमें बदनाम कर रहे हो तथा झूठ बोल रहे हो। इसी कारण ही इनका आपस में मामूली तकरार भी हुआ बताया जा रहा है। इस कारण दोनों पक्षों के बीच रंजिश चलती आ रही थी।
थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि उक्त मामले में निर्मल सिंह, लखवीर सिंह, उसकी पत्नी सतनाम कौर समेत 4 को काबू कर लिया गया है, जबकि निर्मल सिंह के बेटे बूटा सिंह की गिरफ्तारी बाकी है, जिसको काबू करने के लिए छापामारी की जा रही है। इस मामले की अग्रिम जांच थाना प्रभारी जनक राज द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतका की लाश को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों के हवाले किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here