Edited By Vatika,Updated: 28 Apr, 2026 09:58 AM

बद्दोवाल स्थित सेना के 17 फील्ड एम्युनिशन डिपो की सुरक्षा को चुनौती देते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध निर्माण
लुधियाना (राज): बद्दोवाल स्थित सेना के 17 फील्ड एम्युनिशन डिपो की सुरक्षा को चुनौती देते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखाकर किए जा रहे इस गैर-कानूनी निर्माण को लेकर सैन्य अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है।
नियमों की उड़ाई सरेआम धज्जियां
इस संबंध में 17 फील्ड एम्युनिशन डिपो के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल/मेजर की ओर से मिली शिकायत के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक यह सारा मामला गांव इयाली कलां से जुड़ा है जो सेना के इस डिपो के बेहद करीब और सूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सैन्य अधिकारियों ने पुलिस को भेजी अपनी शिकायत में स्पष्ट किया है कि सुरक्षा कारणों से इस विशेष घेरे में किसी भी तरह की निर्माण गतिविधि पर पूर्ण पाबंदी है। बावजूद इसके एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए यहां अवैध रूप से ढांचा खड़ा किया जा रहा था।
अज्ञात के खिलाफ किया केस दर्ज
प्रशासनिक अधिकारी ने अपनी दरख्वास्त संख्या 799881 के जरिए पुलिस को सूचित किया कि यह न केवल सरकारी आदेशों का उल्लंघन है बल्कि सैन्य डिपो की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है। पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सरकारी हुक्मों की अवहेलना करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस प्रशासन इस बात की गहराई से जांच कर रहा है कि आखिर सेना की नाक के नीचे इस निर्माण कार्य को अंजाम देने वाला व्यक्ति कौन है और इसके पीछे किसका हाथ है। गौरतलब है कि एम्युनिशन डिपो के आसपास का इलाका बेहद संवेदनशील होता है और वहां बिना अनुमति के ईंट रखना भी कानूनन अपराध है। आने वाले दिनों में पुलिस इस निर्माण को गिराने और आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी में जुटी है ताकि भविष्य में कोई भी देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।