Edited By Vatika,Updated: 07 Jul, 2026 10:10 AM

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। आज पंजाब एवं हरियाणा
चंडीगढ़: पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (DA) और एरियर से जुड़े मामले पर महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। गौरतलब है कि अदालत ने पिछली सुनवाई के दौरान इस मामले को आज तक के लिए स्थगित कर दिया था।
बीती सुनवाई में इस मामले पर करीब दो घंटे तक बहस चली, लेकिन दलीलें पूरी नहीं हो सकीं, जिसके चलते सुनवाई को आज के लिए टाल दिया गया था। आज की सुनवाई के दौरान राज्यभर के कर्मचारियों की ओर से अपना पक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी। इससे पहले हाईकोर्ट की सिंगल बेंच पंजाब सरकार को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर राज्य के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) देने के निर्देश दे चुकी है।
हालांकि, पंजाब सरकार ने इस फैसले को डबल बेंच में चुनौती दी है और आज इसी डबल बेंच में मामले की सुनवाई होगी। इस सुनवाई पर राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि अदालत का फैसला उनके महंगाई भत्ते और अन्य वित्तीय लाभों पर सीधा असर डाल सकता है।