4 साल के मासूम पर खूंखार कुत्ते का हमला, चीखें सुनकर दौड़े लोग

Edited By vasudha,Updated: 08 Sep, 2026 09:32 AM

stray dog terror

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष फैल गया है।

लुधियाना (राज): महानगर में आवारा कुत्तों का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। न्यू सतगुरु नगर की गली नंबर 2 में रविवार को एक खूंखार आवारा कुत्ते ने चार साल के मासूम बच्चे पर अचानक हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला। कुत्ता बच्चे को घसीटने लगा और उसके शरीर पर कई गहरे जख्म कर दिए। बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के लोगों ने दौड़कर उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष फैल गया है।

जानकारी के अनुसार चार वर्षीय गौरांग अपने माता-पिता के साथ न्यू सतगुरु नगर में अपनी नानी के घर आया हुआ था। रविवार को वह गली में पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान गली में घूम रहा एक आवारा कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और उसने सीधे गौरांग पर छलांग लगा दी।कुत्ते ने मासूम को नीचे गिरा लिया और चेहरे व शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। बच्चे की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर डंडे लेकर दौड़े और बड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया।

वारदात के तुरंत बाद परिजन लहुलूहान गौरांग को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके घावों पर टांके लगाए और एंटी-रेबीज इंजेक्शन देकर इलाज शुरू किया। इस जानलेवा हमले के बाद से मासूम बच्चा बुरी तरह सहमा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि अगर मोहल्ले के लोग समय पर न पहुंचते तो कोई बड़ा अनर्थ हो सकता था। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि न्यू सतगुरु नगर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। शाम होते ही मुख्य रास्तों और गलियों में 8-10 कुत्तों के झुंड जमा हो जाते हैं, जो राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और बच्चों के पीछे दौड़ते हैं। मोहल्लावासियों ने नगर निगम प्रशासन से सख्त मांग की है कि इलाके में आवारा कुत्तों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और इनकी नसबंदी की प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम या राहगीर को अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!