Edited By Vatika,Updated: 03 Oct, 2026 12:07 PM

मोहाली के सेक्टर-66 स्थित एक स्पा सेंटर में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलने की
मोहाली: मोहाली के सेक्टर-66 स्थित एक स्पा सेंटर में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलने की सूचना मिलने पर थाना फेज-11 की पुलिस ने पहली मंजिल पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 3 लड़कियों को रेस्क्यू किया। मोहाली पुलिस की ओर से शहर के स्पा सेंटरों पर यह तीसरी कार्रवाई बताई जा रही है।
इससे पहले थाना फेज-8 और थाना सोहाना पुलिस ने भी स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर कई लड़कियों को रेस्क्यू किया था। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने सेक्टर-66 में हुई कार्रवाई के दौरान कृष्णा पद्म शर्मा, निवासी सेक्टर-66, और राजेश मेहता, निवासी सेक्टर-46बी, चंडीगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही स्पा सेंटर को सील कर दिया गया है।
थाना फेज-11 के प्रभारी इंस्पेक्टर अमन बैदवान ने बताया कि एसएसपी वरुण शर्मा के निर्देश और डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल्ल के आदेश पर पुलिस टीम सेक्टर-66 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्पा सेंटर पर छापेमारी की और तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इंस्पेक्टर अमन बैदवान के अनुसार, जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर संचालक कथित तौर पर दूसरे राज्यों की लड़कियों को रोजगार और अच्छी कमाई का लालच देकर यहां लाते थे। पुलिस का आरोप है कि बाद में स्पा सेंटर की आड़ में उनसे देह व्यापार करवाया जाता था। पुलिस ने रेस्क्यू की गई लड़कियों को उनके परिवारों को सौंप दिया है।