Edited By Vatika,Updated: 18 Jun, 2026 09:42 AM

महानगर में घरेलू नौकरों द्वारा वफादारी का कत्ल कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला एक घर से
लुधियाना (राज): महानगर में घरेलू नौकरों द्वारा वफादारी का कत्ल कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला एक घर से सामने आया है, जहां मात्र 1500 रुपये प्रति महीना मजदूरी पर रखी गई एक नौकरानी ने अपने साथी के साथ मिलकर मालिक के घर में सेंध लगा दी। शातिर नौकरानी ने मौका पाकर अलमारी में रखे सोने के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और चुपके से काम छोड़कर फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर थाना मेहरबान की पुलिस ने आरोपी नौकरानी रेनू देवी और उसके मददगार साथी जगरूप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मकान मालिक राजिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने घर के रोजमर्रा के कामकाज और साफ-सफाई के लिए रेनू देवी नाम की महिला को बतौर घरेलू सहायिका रखा हुआ था। उसकी मजदूरी 1500 रुपये प्रति महीना तय की गई थी। परिवार उस पर भरोसा करता था, लेकिन रेनू देवी के इरादे कुछ और ही थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 13 जून 2026 के बाद से नौकरानी रेनू देवी अचानक बिना बताए घर पर काम करने के लिए नहीं आई। शुरुआत में परिवार ने सोचा कि शायद वह किसी निजी कारण से छुट्टी पर होगी। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार को कुछ शक हुआ। इसी शक के आधार पर जब पीड़ित की पत्नी ने घर के कमरों और बेडरूम में रखी अलमारी की जांच की, तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। पीड़ित परिवार ने देखा कि अलमारी के भीतर रखे सोने के कीमती आभूषण गायब थे।
नौकरानी ने बड़ी चालाकी से बिना किसी को भनक लगे अलमारी खोलकर जेवरात चोरी कर लिए थे। पीड़ित ने पुलिस को दिए बयानों में पक्का यकीन जताया है कि सोने के इन कीमती गहनों को आरोपी नौकरानी रेनू देवी ने अपने एक साथी जगरूप सिंह के साथ मिलकर मिलीभगत से चोरी किया है। चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद ही वह काम छोड़कर भागी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर चोरीशुदा सोना बरामद कर लिया जाएगा।