Edited By vasudha,Updated: 19 Jun, 2026 08:57 AM

महानगर के सबसे प्रमुख व्यापारिक केंद्र सराफा बाजार में ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
लुधियाना(राज): महानगर के सबसे प्रमुख व्यापारिक केंद्र सराफा बाजार में ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दो अज्ञात शातिर ठगों ने एक ज्वैलरी दुकान पर काम करने वाले लड़के को अपनी बातों के जाल में फंसाया और 'सोना व पैसे दोगुना' करने का लालच देकर उससे सोने की 6 अंगूठियां ठग लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित दुकान मालिक की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित दुकान मालिक ने बताया कि वह सराफा बाजार, लुधियाना में 'साहिब एस.के. ज्वैलर्स' के नाम से दुकान चलाते हैं और पिछले 3 साल से सोने की डिजाइनिंग का काम करते हैं। बीती 11 जून को उन्होंने अपनी दुकान पर काम करने वाले लड़के आशिक को सोने की 06 अंगूठियां पॉलिश और धुलाई करवाने के लिए सराफा बाजार में ही भेजा था। कुछ देर बाद लड़का आशिक खाली हाथ और सहमा हुआ दुकान पर वापस लौटा। उसने रोते हुए मालिक को बताया कि जब वह अंगूठियां साफ करवाकर रास्ते से गुजर रहा था, तो उसे दो अज्ञात व्यक्ति मिले। उन दोनों शातिरों ने आशिक को रोक लिया और उसे अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझा लिया। ठगों ने उसे झांसा दिया कि उनके पास एक ऐसी ट्रिक है, जिससे वे चंद मिनटों में सोने के जेवरात और पैसों को दोगुना कर सकते हैं। वे उनकी बातों के बहकावे और लालच में आ गया। जैसे ही उसने ठगों के कहने पर सोने की 6 अंगूठियां उन्हें थमाईं, आरोपियों ने नजरें बचाकर आभूषण गायब कर दिए और आशिक को संभलने का मौका दिए बिना वहां से नौ-दो-ग्यारह हो गए।
सराफा बाजार जैसे सुरक्षित और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस ठगी की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। पुलिस ने ज्वैलर साहिब एस.के. के बयानों के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सराफा बाजार और उसके आसपास की गलियों में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि पीड़ित लड़के आशिक को रोककर बात करने वाले संदिग्धों के चेहरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने ज्वैलरी मार्केट के अन्य दुकानदारों और कारीगरों को भी सचेत रहने और ऐसे किसी भी बहकावे में न आने की अपील की है।