Edited By Subhash Kapoor,Updated: 08 Jun, 2026 11:30 PM

महानगर की सराफा बाजार स्थित एक सुनियारे की दुकान से एक शातिर महिला चोर ने मासूम बच्चे की आड़ लेकर एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पीएस ज्वेलर को निशाना बनाते हुए यह महिला दुकान में दाखिल हुई और चंद मिनटों के भीतर काउंटर पर सजी चांदी की...
लुधियाना, (राज): महानगर की सराफा बाजार स्थित एक सुनियारे की दुकान से एक शातिर महिला चोर ने मासूम बच्चे की आड़ लेकर एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पीएस ज्वेलर को निशाना बनाते हुए यह महिला दुकान में दाखिल हुई और चंद मिनटों के भीतर काउंटर पर सजी चांदी की कीमती चेन उड़ाकर रफूचक्कर हो गई। दुकान के मालिक की सजगता से हालांकि वह और ज्यादा माल समेटने से रह गई। यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना के बाद से ही पूरे सराफा बाजार के स्वर्णकारों और व्यापारियों में भारी खौफ और चिंता का माहौल है। इस मामले में सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस शिकायत लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दुकान के मालिक संदीप ने बताया कि वह महज 2 मिनट के लिए दुकान के पिछले हिस्से में बने बाथरूम में गए थे। उस वक्त दुकान के काउंटर पर उनके दो छोटे बच्चे अकेले बैठे थे। बच्चों को अकेला देख बाहर ताक में बैठी महिला ने इसे एक सुनहरा मौका समझा। वह अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर बेहद सामान्य ग्राहक बनकर दुकान के अंदर दाखिल हो गई। अंदर घुसते ही उसने काउंटर पर बैठे बच्चों पर रौब झाड़ते हुए उन्हें चांदी की चेन दिखाने को कहा। बच्चे जैसे ही डिब्बा खोलकर चेन दिखाने लगे, महिला ने पलक झपकते ही बड़ी ही सफाई से एक चेन उठाई और अपने पास मौजूद थैले में सरका दी। उसकी नीयत इतने से नहीं भरी; उसने अपनी चालाकी जारी रखते हुए बच्चों से कुछ और डिजाइन दिखाने की मांग की। बच्चों ने जैसे ही दूसरी चेन आगे बढ़ाई, महिला ने उसे भी एक लिफाफे में छिपा लिया। इसी दौरान किस्मत से वह बाथरूम कर वापिस काउंटर पर लौट आए।
संदीप ने बताया कि जैसे ही वह दुकान के मुख्य केबिन में दाखिल हुए और महिला की नजर उन पर पड़ी, तो उसके हाथ-पांव फूल गए। चोरी पकड़े जाने के डर से घबराई महिला बिना कुछ बोले और बिना कोई खरीदारी किए तुरंत उल्टे पांव दुकान से बाहर भाग खड़ी हुई। महिला की यह हड़बड़ाहट देखकर उसे कुछ अजीब लगा। जब उन्होंने काउंटर पर रखे डिस्प्ले बॉक्स को संभाला, तो वहां से चांदी की चेन गायब थी। शक गहराने पर दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। फुटेज में साफ दिख रहा था कि कैसे महिला ने बच्चों की नासमझी का फायदा उठाकर चंद सेकंड्स में वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार संजीप की ओर से तुरंत इस पूरी घटना की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और बाजार के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स खंगालते हुए आरोपी महिला की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सराफा बाजार जैसे संवेदनशील इलाके में गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर नकेल कसी जा सके।