Edited By Kalash,Updated: 18 Dec, 2025 06:38 PM

पंजाब में हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के नतीजों के बाद अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब में हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के नतीजों के बाद अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 2026 से हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनवरी महीने में ही लोगों के हेल्थ कार्ड बनने शुरू हो जाएंगे और यह स्कीम जल्द ही लागू हो जाएगी।
बता दें कि चुनाव नतीजों के बाद सी.एम. मान और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन चुनावों में आप ने करीब 70% सीटें जीती हैं, जिससे लग रहा है कि पूरे पंजाब में आम आदमी पार्टी की आंधी चल रही है। उन्होंने कहा कि लोग युद्ध नशे विरुद्ध और अन्य योजनाओं से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के 4 साल के कार्यकाल के बाद जहां लोगों को सत्ता विरोधी लहर का डर सताता है वहीं पंजाब में मान सरकार के हक में सत्ता पक्ष की लहर चल रही है।
2013 और 2018 में हुए ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन चुनावों में सरकारों ने बहुत धक्केशाही की गई थी। लेकिन इस बार चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हुए और पूरे प्रोसेस की रेगुलर वीडियोग्राफी हुई। उन्होंने आंकड़े शेयर करते हुए कहा कि 580 सीटों पर जीत या हार का फैसला 100 से भी कम वोटों से हुआ। इसमें से 261 AAP और 319 विपक्ष ने जीतीं। उन्होंने कहा कि कई सीटों पर कांग्रेस 3-4 वोटों के अंतर से भी जीती है। अगर सरकार चाहती तो इतनी सीटें बेईमानी से जीतना कोई बड़ी बात नहीं थी, लेकिन हमने ऐसा कुछ नहीं किया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here