Edited By Subhash Kapoor,Updated: 28 Apr, 2026 07:57 PM

स्थानीय मोहल्ला ठाकर आबादी निवासी एक व्यक्ति को अगवा कर मारपीट करने के मामले में नगर थाना नं 2 पुलिस ने लिव-इन-पार्टनर सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि...
अबोहर (सुनील): स्थानीय मोहल्ला ठाकर आबादी निवासी एक व्यक्ति को अगवा कर मारपीट करने के मामले में नगर थाना नं 2 पुलिस ने लिव-इन-पार्टनर सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य फरार लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
शिकायतकर्त्ता ठाकर आबादी निवासी सुरेश कुमार पुत्र मंगत राम ने बताया कि उसके साले सुरेंद्र का उसकी पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है। इस बीच सुरेंद्र डबवाली की एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
गत दिवस जब सुरेंद्र अबोहर आया और सुरेश को भी अजीमगढ़ मिलने के लिए बुलाया, तो डबवाली से आई उस महिला ने अपने साथियों के साथ वहां धावा बोल दिया। उक्त लोगों ने सुरेंद्र के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पर सुरेश को भी पीटा। इसके बाद उक्त लोग सुरेंद्र को जबरन कार में डालकर अगवा कर ले गए।
सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने मंडी डबवाली के रविदास नगर निवासी प्रेमचंद उर्फ विक्की, सन्नी, मोनिका उर्फ सोनिका, पायल और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 140(3), 115(2), 191(3) व 190 के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी मोनिका उर्फ सोनिका और पायल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।