Edited By Kamini,Updated: 11 Mar, 2026 10:08 AM

अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टीमों ने बिजली विभाग के डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाइयां।
लुधियाना (खुराना) : पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन सैंट्रल जोन के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस की अगुवाई में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टीमों ने बिजली विभाग के डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाइयां करते हुए मार्च महीने की शुरूआती 10 दिनों के दौरान ही 1,14,916 उपभोक्ताओं के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए 249.05 करोड रु. की जबरदस्त रिकवरी करने में सफलता प्राप्त की है जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस की अगुवाई वाली टीम में शामिल ईस्ट सर्कल के डिप्टी चीफ इंजीनियर सुरजीत सिंह और वैस्ट सर्कल के डिप्टी चीफ इंजीनियर कुलविंदर सिंह की निगरानी में एक्सियन, एस.डी.ओज ने सड़कों पर उतरकर लुधियाना जिले के शहरी इलाकों के संबंधित 9 विभिन्न डिवीजनों सुंदर नगर, सी.एम.सी. डिवीजन, सिटी सैंटर, फोकल प्वाइंट, जनता नगर, सिटी वैस्ट, अग्र नगर, मॉडल टाऊन और एस्टेट डिवीजन के अलावा सब-अर्बन के इलाकों अड्डा दाखा, मुल्लांपुर, जगराओं, रायकोट, ललतों, मंडी अहमदगढ़ सहित खन्ना, दोराहा, सरहिंद, अमलोह आदि इलाकों में डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 1 से लेकर 10 मार्च तक करीब 10,000 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनैक्शन काटने के अतिरिक्त अन्य 1 लाख 15 हजार के करीब डिफॉल्टरों से 249 करोड़ रुपए से अधिक की बकाया राशि वसूल करने में सफलता प्राप्त की है।
डिफाल्टर उपभोक्ताओं को कई बार किया गया जागरूक : चीफ इंजीनियर
पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस ने बताया कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डिफाल्टर उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने संबंधी बार-बार जागरूक किया जा रहा है। पावरकॉम विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद जिन डिफॉल्टर उपभोक्ताओं द्वारा पिछले लंबे समय से कड़ी बकाया राशि जमा नहीं करवाई जा रही है या फिर जिन उपभोक्ताओं के सिर पर जूं तक नहीं रेंग रही है उनके खिलाफ विभागीय एक्शन लेते हुए बकाया खड़े बिलों की रिकवरी की जा रही है। हांस ने दोहराया कि पहले भी उपभोक्ताओं को इंस्टॉलमेंट की सुविधा दी गई थी। उन्होंने अपील की कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए खुद आगे आकर अपने बकाया बिल जमा करने चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here