टांडा (वरिंदर पंडित): पुर्तगाल में हुए एक सड़क हादसे में कार सवार 3 पंजाबी और 1 हरियाणवी युवक की मौत हो गई। हादसे में मारे गए युवकों की पहचान टांडा के गांव मियानी वार्ड नंबर-2 निवासी रजत पुत्र कृष्ण गोपाल पप्पू, जिला गुरदासपुर के बटाला इलाके का प्रदीप, मुकेरियां के तृप्तपाल और पेहवा (हरियाणा) के जौनी के रूप में हुई है। हादसा लिस्बन सिटी के नजदीक सैंटो अंटोनियो इलाके में हुआ है।

हादसे में मारे गए युवकों के परिवारों को इस अनहोनी की सूचना पुर्तगाल में रहने वाले अन्य पंजाबी युवकों से आज सुबह मिली। हादसा गत रात उस समय हुआ जब चारों युवक बाजार से खरीदारी कर अपने आवास पर लौट रहे थे। रजत के परिवार के सदस्यों के अनुसार दुर्घटना में कार से ट्राला टकरा गया था।

रजत के परिवार के सदस्यों माता सुनैना, भाइयों रजिंदर, रवि और बहन शैली ने बिलखते हुए बताया कि रजत 3 महीने पहले ही पुर्तगाल गया था और उसे अभी पहला वेतन भी नहीं मिला था। उन्होंने बताया कि कर्ज उठा कर उन्होंने अपने बेटे को विदेश भेजा था परन्तु इस मनहूस खबर ने उनकी दुनिया ही उजाड़ दी।

कांग्रेस सरकार दौरान नशे बढ़े, ड्रग ओवरडोज से 218 नौजवानों की मौत हुई: सुखबीर
NEXT STORY