Edited By Urmila,Updated: 10 Nov, 2026 12:57 PM

बरनाला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों द्वारा एक पुलिस मुलाजिम को कथित तौर पर नशीले पदार्थ सहित पकड़े जाने की सूचना है।
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): बरनाला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों द्वारा एक पुलिस मुलाजिम को कथित तौर पर नशीले पदार्थ सहित पकड़े जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि ग्रीन कॉलोनी के नजदीक लोगों ने उसे नशीले पदार्थ सहित काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं और पुलिस कर्मचारियों द्वारा उक्त व्यक्ति को भीड़ में से निकाल कर ले जाया जा रहा है। लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि जिन कंधों पर नशे को खत्म करने की जिम्मेदारी है, यदि वे ही इस दलदल में फंसे होंगे तो नशा कैसे खत्म होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त पुलिस कर्मचारी बरनाला अदालत में तैनात बताया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि आरोप साबित होते हैं तो दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे से कोई भी वर्दी का गलत इस्तेमाल न कर सके। इस संबंध में पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल यह घटना बरनाला में चर्चा का विषय बनी हुई है।