Edited By Urmila,Updated: 09 Feb, 2026 03:52 PM

भारी पुलिस बल ने सुबह ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील इलाकों को घेरकर गहन जांच की।
गुरदासपुर (हरमन) : जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को मजबूत करने और गैंगस्टरों व असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत आज गुरदासपुर पुलिस ने शहर भर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान की कमान स्वयं एस.एस.पी. गुरदासपुर आदित्य ने संभाली।
एस.एस.पी. आदित्य के नेतृत्व में एस.पी. (पी.बी.आई.) जुगराज सिंह और डी.एस.पी. (सिटी) मोहन सिंह सहित भारी पुलिस बल ने सुबह ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील इलाकों को घेरकर गहन जांच की। इस दौरान यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई और संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 25 संदिग्ध व्यक्तियों को राउंडअप कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए एस.एस.पी. आदित्य ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और अपराधियों में भय का माहौल बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसी आकस्मिक चेकिंग जारी रहेंगी और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि शहर को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here