Edited By Kamini,Updated: 16 Jul, 2026 02:26 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 17 जुलाई को जालंधर आ रहे हैं, जहां वे कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
जालंधर (सोनू): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 17 जुलाई को जालंधर आ रहे हैं, जहां वे कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के VIP दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और आस-पास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पंजाब पुलिस DGP खुद जायजा लेने पहुंचे
इसी बीच पंजाब पुलिस DGP गौरव यादव खुद जालंधर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का रिव्यू किया। उन्होंने इस दौरान तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और कई दूसरे जिलों के SSP को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री के रूट से लेकर घटनास्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी अनहोनी से असरदार तरीके से निपटा जा सके। आने-जाने वालों और चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए स्निफर डॉग और बम डिस्पोजल स्क्वॉड का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ट्रैफिक डायवर्जन
कार्यक्रम स्थल नेशनल हाईवे 44 के पास होने के कारण सिक्योरिटी के तौर पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। डीजीपी ने लोगों से अपील की कि 17 जुलाई को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और पठानकोट को जोड़ने वाले NH-44 पर सफर न करें। अगर बहुत जरूरी है तो सफर के समय में बदलाव कर लें।
यात्रियों के लिए गाइडलाइंस जारी
पीएम मोदी के जालंधर दौरे के चलते रेलवे स्टेशन पर सिक्योरिटी और नाकाबंदी बढ़ा दी गई है। इस दौरान आने-जाने वाले यात्रियों की पूरी तरह से चेकिंग की जा रही है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सिक्योरिटी बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के चलते स्टेशन परिसर में कड़ा सिक्योरिटी घेरा रहेगा।
एंबुलेंस भी फंसी ट्रैफिक जाम में
पीएम मोदी के दौरे से पहले पीएपी से लेकर रामामंडी तक लंबा जाम लगा हुआ है। इस दौरान रामा मंडी पुल को बंद किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसके चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया है। खासकर रामामंडी से पीएपी (PAP) तक का मार्ग बंद किए जाने के कारण लंबा जाम लग गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई रूट डायवर्ट किए गए हैं, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं एक मरीज को ले जा रही एंबुलेंस भी ट्रैफिक जाम में फंसी मिली, जिसमें मुकेरियां का एक मरीज था। बताया जा रहा है कि, मरीज को DMC हॉस्पिटल ले जाना था।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट
स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी करीब डेढ़ घंटा शहर में रहेंगे। इस दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर पूरी तरह बैन लगाने का पुलिस का कोई इरादा नहीं है लेकिन अगर जरूरी होगा तो दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। यात्रियों को दूसरे रास्तों के बारे में बताने और उन्हें सुरक्षित उनकी मंजिल तक पहुंचाने में मदद करने के लिए जगह-जगह पुलिस वाले तैनात किए जाएंगे। जनता की सुरक्षा पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री की सुरक्षा तो सबसे जरूरी है ही, जनता की सुविधा पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है। इसी के चलते ट्रैफिक बंद की जगह ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here