Edited By Vatika,Updated: 17 Jun, 2023 10:59 AM

अब पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
लुधियाना (राज): निंहंग सिंह मर्डर केस में पुलिस ने 2 आरोपियों को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी प्रिंस और उसका दोस्त अंकित हैं। आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल तेजधार हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत पेश किया जहां उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उधर, मृतक के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ जिसके बाद पुलिस ने शव को परिवार को सौंप दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए जे.सी.पी. जसकरणजीत सिंह तेजा और ए.सी.पी. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक बलदेव सिंह उर्फ जस्सा के पिता कुलविंदर सिंह ने बताया था कि रात को जब वह अपनी बेटी की दवाई लेने के लिए गया हुआ था। उसे फोन आया था कि उसके बेटे जस्सा पर कोई हमला कर गया है। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसके बेटे के सिर से खून निकल रहा था और वह खून से लथपथ गली में गिरा पड़ा था। उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद ए.सी.पी. और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जांच दौरान पुलिस को सी.सी.टी.वी. फुटेज भी मिली जिसमें आरोपी आते-जाते नजर आ रहे थे। फिर पुलिस ने प्रिंस और अंकित को पकड़ लिया। आरोपियों से हुई शुरूआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्रिंस मृतक की बहन पर गलत नजर रखता था। जब बलदेव को इस बात का पता चला तो उसने 2 दिन पहले प्रिंस को समझाया भी था। इस बात को लेकर दोनों में तकरार भी हुई थी। प्रिंस इसी बात की रंजिश रखने लगा था, इसलिए वीरवार रात उसने मौका देखकर अपने दोस्त केस साथ मिलकर बलदेव सिंह को मौत के घाट उतार दिया था। अब पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।