Edited By vasudha,Updated: 03 Aug, 2026 09:31 AM

फुल्लांवाल चौक के नजदीक होटल 'कीज' के पास नवंबर महीने में गन प्वाइंट पर लूटी गई XUV कार बेचने वाले
लुधियाना (राज): फुल्लांवाल चौक के नजदीक होटल 'कीज' के पास नवंबर महीने में गन प्वाइंट पर लूटी गई XUV कार बेचने वाले शातिर लुटेरे का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। आरोपी ने कार डीलर को फर्जी दस्तावेज और जाली हस्ताक्षर दिखाकर 3.75 लाख रुपये में गाड़ी बेच दी। हालांकि, जब कार डीलर गाड़ी के असली मालिक के घर पहुंचा, तो पूरी ठगी का खुलासा हो गया। इसके बाद कार मालिक और डीलर ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया आरोपी फिलहाल थाना दुगरी के अधीन पड़ती एस.बी.एस. नगर पुलिस चौकी की हिरासत में है।
पक्खोवाल रोड स्थित निर्मोहगढ़ कॉलोनी निवासी विनोद कुमार ने बताया कि 17 नवंबर 2025 को वह फुल्लांवाल चौक स्थित होटल कीज के पास मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने गन प्वाइंट पर उनसे उनकी XUV कार लूट ली थी। घटना के संबंध में थाना दुगरी की एस.बी.एस. नगर पुलिस चौकी में मुकद्दमा दर्ज करवाया गया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी का सुराग लगाने में नाकाम रही थी। विनोद कुमार ने बताया कि हाल ही में एक कार डीलर उनके घर पहुंचा, जिससे इस पूरी वारदात का खुलासा हुआ। कार डीलर ने बताया कि एक व्यक्ति ने 23 जुलाई को उनसे संपर्क किया और XUV कार का सौदा 3.75 लाख रुपये में तय किया। सौदा पक्का करते वक्त आरोपी ने कार डीलर को फर्जी आईडी प्रूफ सौंपे और कार सेल-परचेज के एग्रीमेंट एफ़िडेविट पर कार मालिक विनोद कुमार के फर्जी दस्तखत कर दिए। आरोपी ने कार डीलर से 3 लाख रुपये नकद वसूल कर लिए थे, जबकि बाकी 75 हजार रुपये की पेमेंट लेना बाकी था।
जब कार डीलर गाड़ी के असली कागजातों और वेरिफिकेशन के लिए असली मालिक विनोद कुमार के घर पहुंचा, तो दोनों को समझ आ गया कि बेचने वाला ही असली लुटेरा है। इसके बाद विनोद कुमार और कार डीलर ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस को सूचित किया और आरोपी को दबोचने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी बाकी बची 75 हजार रुपये की रकम लेने के लिए डीलर के पास पहुंचा, पुलिस की मदद से उसे रंगे हाथों दबोच लिया गया। कार मालिक विनोद कुमार के अनुसार, आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई टॉय गन भी बरामद हुई है, जिसके दम पर उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि उसने फर्जी आईडी कहां से तैयार करवाई और क्या वह अन्य वाहन चोरी या लूट की वारदातों में भी संलिप्त रहा है।