Edited By VANSH Sharma,Updated: 29 May, 2026 08:05 PM

लुधियाना के संजय गांधी कॉलोनी इलाके में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और शोषण का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है।
लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना के संजय गांधी कॉलोनी इलाके में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और शोषण का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार ने रिश्तेदारी में लगने वाले दो युवकों पर बच्ची का लंबे समय से मानसिक और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, बच्ची पिछले कुछ समय से काफी सहमी हुई रहती थी और किसी से खुलकर बात नहीं कर रही थी। परिवार को जब उसके व्यवहार में बदलाव महसूस हुआ, तो प्यार से पूछताछ करने पर बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई। यह सुनते ही परिवार सदमे में आ गया और तुरंत पुलिस के पास पहुंचा।

पीड़िता की दादी ने आरोप लगाया कि घर के बड़े सदस्य रोजी-रोटी के लिए काम पर बाहर चले जाते थे, जिसके कारण बच्चे घर पर अकेले रहते थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी बच्चों को अपने पास बुलाते और छोटी-मोटी चीजें मंगवाने के बहाने उन्हें अपने साथ ले जाते थे। आरोप है कि बच्ची को डरा-धमकाकर सुनसान जगहों पर ले जाया जाता था और किसी को कुछ बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
इस मामले में अनूप और सुंदर नाम के दो लोगों को नामजद किया गया है, जो रिश्ते में बच्ची के चाचा लगते हैं। घटना सामने आने के बाद मोहल्ले के लोग भी पीड़ित परिवार के समर्थन में आगे आए हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

थाना डिवीजन नंबर 7 के एसएचओ (SHO) गगनदीप सिंह ने बताया कि नाबालिग के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। बच्ची का मेडिकल करवाया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता के साथ जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here