Edited By Vatika,Updated: 16 Apr, 2026 09:54 AM

उद्योग नगरी लुधियाना के शेरपुर इलाके में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर बड़ा हंगामा देखने
लुधियाना(खुराना): उद्योग नगरी लुधियाना के शेरपुर इलाके में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर बड़ा हंगामा देखने को मिला। गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोगों ने दिव्या गैस सर्विस के डिलीवरी मैन को बीच रास्ते में घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, गुस्साए लोगों ने गैस सिलेंडरों से भरे एजेंसी के ऑटो रिक्शा पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
राहगीर खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागे
जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर की सप्लाई में देरी होने के कारण कुछ उपभोक्ता भड़क गए और उन्होंने कानून को अपने हाथ में ले लिया। लोगों ने शेरपुर इलाके में गैस सिलेंडरों से भरे ऑटो को रोककर डिलीवरी मैन को घेर लिया और उसके साथ हाथापाई की। इस दौरान ऑटो के शीशे भी तोड़ दिए गए। घटना के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीर खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हालांकि मौके से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और डिलीवरी मैन को भीड़ से बचाया।
थाना फोकल प्वाइंट में पहुंची शिकायत
गनीमत यह रही कि ऑटो में रखे गैस सिलेंडरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, गैस एजेंसी के संचालक जसकीरत सिंह ने बताया कि उनकी एजेंसी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के नियमों के अनुसार ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नियमों को नजरअंदाज कर जबरन सिलेंडर मांग रहे थे, जिसके चलते यह विवाद हुआ। मामले की शिकायत थाना फोकल प्वाइंट पुलिस को दे दी गई है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।