Edited By Vatika,Updated: 16 Apr, 2026 09:24 AM

चंडीगढ़ रोड स्थित प्रतिष्ठित 'वर्धमान अमर्ते प्राइवेट लिमिटेड' में जालसाजी का मामला सामने आया है
लुधियाना(राज): चंडीगढ़ रोड स्थित प्रतिष्ठित 'वर्धमान अमर्ते प्राइवेट लिमिटेड' में जालसाजी का मामला सामने आया है । जिसमें एक युवक ने अपनी असली पहचान और योग्यता को पर्दे के पीछे रखकर फर्जी डिग्रियों के सहारे कंपनी की आंखों में धूल झोंकी और सीनियर मैनेजर (अकाउंट्स) जैसे जिम्मेदार पद पर काबिज हो गया।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पुलिस ने लंबी चली पड़ताल के बाद अब आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब दिव्यकांत सिंह (वर्धमान अमर्ते प्राइवेट लिमिटेड) ने एक लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी करण सिंघानिया, जो कि मॉडल टाउन का रहने वाला है, उसने कंपनी में नौकरी हासिल करने के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े जाली दस्तावेज और फर्जी डिग्रियां पेश की थीं।
पुलिस की गहन जांच में आया सच सामने
इन्हीं नकली कागजों के दम पर उसने न केवल कंपनी में उच्च पद प्राप्त किया, बल्कि एक उच्च शिक्षित प्रोफेशनल के तौर पर मिलने वाला मोटा वेतन भी लंबे समय तक डकारता रहा। फिर पुलिस की गहन जांच में यह सच सामने आया कि करण सिंघानिया ने अपनी प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन को लेकर कंपनी के साथ बड़ा फ्रॉड किया है। उसने खुद को एक योग्य प्रोफेशनल बताकर न केवल कंपनी के प्रबंधन का भरोसा तोड़ा, बल्कि उसे बड़ा आर्थिक चूना भी लगाया। थाना जमालपुर पुलिस ने आरोपी करण सिंघानिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।