Edited By Subhash Kapoor,Updated: 13 Aug, 2026 10:59 PM

15 अगस्त से पहले जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल हुई। इसके बाद पुलिस ने शहर में अपनी मौजूदगी और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के...
जालंधर: 15 अगस्त से पहले जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल हुई। इसके बाद पुलिस ने शहर में अपनी मौजूदगी और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए कंपनी बाग चौक से फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और DCP मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में निकले इस मार्च में करीब 150 पुलिसकर्मी शामिल हुए। पुलिस के मुताबिक, फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संदेश दिया गया। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए शहर में जगह-जगह विशेष नाके लगाए गए हैं। पुलिस ने 250 अतिरिक्त जवानों को भी तैनात किया है, खासकर शहर के बाहरी और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है।
वहीं, रात के समय पुलिस की टीमें सड़कों पर वाहनों की चेकिंग कर रही हैं। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां आने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।