Edited By Kalash,Updated: 24 Aug, 2026 10:52 AM

गत 19 अगस्त को स्थानीय बस्सी परिवार की बहू नेहा पत्नी उमंग बस्सी को कथित तौर पर उसके पति और सास द्वारा जबरदस्ती टायलेट क्लीनर पिलाकर जान से मारने की कोशिश के मामले में नेहा आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई।
करतारपुर (साहनी): गत 19 अगस्त को स्थानीय बस्सी परिवार की बहू नेहा पत्नी उमंग बस्सी को कथित तौर पर उसके पति और सास द्वारा जबरदस्ती टायलेट क्लीनर पिलाकर जान से मारने की कोशिश के मामले में नेहा आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। करीब चार दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद नेहा ने 22 अगस्त की रात करीब साढ़े 10 बजे अंतिम सांस ली। वहीं प्रेम प्रसंग के चलते परिवार उजड़ गया।
उच्च शिक्षित नेहा एक कॉलेज में लैक्चरर के पद पर कार्यरत थी। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. बोधराज ने बताया कि वेंटिलेटर पर उपचाराधीन नेहा ने अपने लिखित बयान में माननीय न्यायाधीश को घटना संबंधी पूरी जानकारी दी थी। इसके आधार पर बी.एन.एस. की धारा 123, 109 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
नेहा की मौत के बाद उसके भाई अमरीश भगरिया के बयानों के आधार पर मामले में अब बी.एन.एस. की धारा 103 और 61(2) भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य महिला सतपाल कौर, उम्र करीब 32 वर्ष, जो विवाहित और करतारपुर निवासी बताई जाती है, के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार उक्त महिला के उमंग बस्सी के साथ कथित तौर पर विवाहेतर संबंध बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शनिवार शाम सिनेमा मोड़ पर सतपाल कौर को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कथित तौर पर भागने की फिराक में थी। इस संबंध में मृतका नेहा के भाई अमरीश भगरिया ने बताया कि नेहा का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पार्थिव शरीर को धूरी ले जाया जाएगा, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन और सरकार से मामले में निष्पक्ष जांच और इंसाफ की गुहार लगाई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here