Edited By Vatika,Updated: 12 Aug, 2026 10:12 AM

रेलवे रोड पर स्थित रॉयल गैस्ट हाऊस के कमरा नंबर 102 से लुधियाना की युवती का शव मिल
जालंधर: रेलवे रोड पर स्थित रॉयल गैस्ट हाऊस के कमरा नंबर 102 से लुधियाना की युवती का शव मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। युवती की हत्या उसी के ब्वॉयफ्रैंड एवं शिव सेना नेता के बेटे ने की जो होटल के कमरे में उससे मिलने भी आता रहता था।
युवती विशु पर शादी करवाने को लेकर दबाव बना रही थी लेकिन शराब के नशे में विशु ने ज्योतिका शर्मा से मारपीट की और फिर उसका सिर पकड़ कर दीवार पर दे मारा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सांसे थमने पर विशु तुरंत होटल से भाग निकला लेकिन मंगलवार को थाना 3 की पुलिस ने महेंद्रू मोहल्ला के रहने वाले विशु उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया। विशु को उसके घर वालों ने बेदखल किया हुआ है क्योंकि शराब के नशे में वह अपने परिवार वालों पर भी हाथ उठा देता था।थाना तीन के प्रभारी जतिंदर सिंह ने बताया कि विशु को गिरफ्तार करके उससे पूछताछ की तो उसने सारा सच कबूल लिया। आरोपी ने माना कि झगड़े में उससे ज्योतिका की हत्या हो गई क्योंकि वह लगातार उस पर शादी का दबाव डाल रही थी जबकि वह पहले से ही शादीशुदा है लेकिन उसकी पत्नी उससे अलग रह रही है।
विशु ने यह भी माना जब मारपीट हुई तब वह शराब के नशे में था। पुलिस ने सोमवार को ही ज्योतिका की बहन के आने के बाद पोस्टमार्टम करवा कर शव का जालंधर ही अंतिम संस्कार करवा दिया। बता दें कि लुधियाना निवासी ज्योतिका 8 अगस्त को रेलवे रोड पर स्थित रॉयल गैस्ट हाऊस में आकर रुकी थी। ज्योतिका ने सोमवार सुबह वापस लौटना था लेकिन रविवार की शाम विशु ने कमरे में बीयर व शराब पी और बाद में वापस लौट गया। सोमवार सुबह सात बजे जब होटल का कर्मी ज्योतिका को चाय देने आया तो अंदर से दरवाजा न खुलने पर उसने मैनेजर को सूचना दी। मैनेजर ने मास्टर चाबी से लॉक खोला तो अंदर ज्योतिका का शव बैड पर पड़ा मिला जिसके सिर पर चोट के निशान थे। फर्श पर खून के धब्बे भी पाए गए थे। आनन-फानन में इस संबंधी थाना तीन की पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और ज्योतिका के परिजनों को भी सूचना दे दी थी। बताया जा रहा है कि विशु और ज्योतिका काफी लंबे समय से रिलेशन शिप में थे।