Edited By Vatika,Updated: 01 Aug, 2026 10:48 AM

शहर के कपूरथला रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे मजदूरों से जा टकराई।
जालंधर(सोनू): शहर के कपूरथला रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे मजदूरों से जा टकराई। हादसे में 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे बने गटर से टकराने के बाद मजदूरों की तरफ मुड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक का कहना है कि सड़क पर टूटे गटर या बाहर निकले लोहे के सरिए से टकराने के कारण कार का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और यह हादसा हुआ।
वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने चालक पर नशे की हालत में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।