Edited By Vatika,Updated: 10 May, 2026 05:23 PM

मोहाली में ट्रैफिक नाके पर आम आदमी पार्टी के विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों की गाड़ी
पंजाब डेस्क: मोहाली में ट्रैफिक नाके पर आम आदमी पार्टी के विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों की गाड़ी रोकने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात एएसआई लखबीर सिंह को सस्पेंड करवा दिया गया है।
MLA ने जारी किया Video
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की है, जब विधायक अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में डिनर के लिए जा रहे थे। फेज-8 इलाके में लगाए गए पुलिस नाके पर एएसआई ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और ब्लिंकर लाइट को लेकर पूछताछ शुरू कर दी। ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में विधायक मौजूद हैं और गाड़ी विधानसभा में रजिस्टर्ड है। इसके बाद पहचान और दस्तावेजों को लेकर भी सवाल-जवाब हुए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वीडियो जारी करते विधायक ने आरोप लगाया कि एएसआई ने रौब दिखाते हुए गलत व्यवहार किया और इसकी शिकायत एसएसपी से की गई। इसके बाद एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया। उनका कहना है कि ASI अपनी पॉवर का रौब झाड़ रहा है, ऐसे में उसके पास चालान की पावर थी, उसने उसका इस्तेमाल कर लिया। लेकिन मुझे परमात्मा ने MLA होने की पावर दी थी, मैंने उसको सस्पेंड करवा दिया।
ASI लखबीर सिंह ने दी सफाई
उधर, इस मामले में ASI लखबीर सिंह ने कहा कि जालंधर में हुई घटना के बाद ही पुलिस के नाके लगाए जा रहे है। उसका कहना है कि नाके के पास पहुंची तो गाड़ी सवार लोगों ने डैशबोर्ड में रखी लाल बत्ती जला ली, जिस पर उन्हें शक हुआ तो गाड़ी को रोका गया। इस दौरान जब ड्राइवर से बात की गई तो उसका जवाब था कि आप पहले चालान कर लो, उसके बाद बात करेंगे। इसी बात को लेकर यह विवाद हुआ था। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।