जेल में बंद सरगना के इशारे पर हथियार सप्लाई करने वाला गिरोह बेनकाब, हथियारों सहित 2 काबू

Edited By Vatika,Updated: 17 Sep, 2026 03:19 PM

gang supplying weapons at the behest of a jailed kingpin exposed

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार मंगवाने वाले संभावित नेटवर्क के तार सामने आए हैं...

फरीदकोट(राजन):  फरीदकोट पुलिस ने जेल आधारित अंतरराष्ट्रीय हथियार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार मंगवाने वाले संभावित नेटवर्क के तार सामने आए हैं, जिसकी पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।

PunjabKesari

2 व्यक्ति से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद 
यह कार्रवाई पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव के दिशा-निर्देशों के तहत, आई.जी. फरीदकोट रेंज निलाबरी जगदले विजय के मार्गदर्शन और एस.एस.पी. फरीदकोट गुरबंस सिंह बैस की निगरानी में की गई। एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) नरेंद्र सिंह और डी.एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह की सीधी निगरानी में सी.आई.ए. स्टाफ फरीदकोट की टीम ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को ए.एस.आई. परमिंदर सिंह, सी.आई.ए. स्टाफ फरीदकोट, पुलिस पार्टी सहित कोटकपूरा रोड नहरों के पुल के पास गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि 2 व्यक्ति भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद लेकर तलवंडी भाई रोड स्थित केंद्रीय मॉडर्न जेल फरीदकोट के आसपास घूम रहे हैं तथा इन्हें आगे सप्लाई करने या किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल करने की फिराक में हैं। सूचना विश्वसनीय पाए जाने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को काबू कर लिया।

ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप मंगवाता था आरोपी 
तलाशी के दौरान आरोपियों से 10 अवैध पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों में 3 जिगाना .30 बोर पिस्टल, 1 पीएक्स-5 स्टॉर्म .30 बोर पिस्टल, 2 देसी 32 बोर पिस्टल और 4 देसी .30 बोर पिस्टल शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजबीर सिंह उर्फ अमित पुत्र भूपिंदर सिंह, निवासी छेहरटा, जिला श्री अमृतसर साहिब तथा अमर सिंह उर्फ अमर पुत्र अमरीक सिंह, निवासी बाबा दीप सिंह कॉलोनी, छेहरटा, जिला श्री अमृतसर साहिब के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र क्रमशः करीब 21 और 25 वर्ष बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियार सीमावर्ती क्षेत्र से लाकर फरीदकोट और आसपास के इलाकों में सप्लाई किए जाने थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह पाकिस्तान में मौजूद तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप मंगवाता था। जांच के दौरान जेल में बंद दीप सिंह उर्फ दीपक, निवासी रौड़ांवाली कलां, अटारी, जिला श्री अमृतसर साहिब का नाम भी सामने आया है, जिसे गिरोह का मुख्य सरगना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसके द्वारा अपने साथियों के जरिए हथियारों की खेप संभालने और आगे सप्लाई करने के निर्देश दिए जाते थे।

अवैध हथियार सप्लाई चेन से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश
दीप सिंह इस समय अमृतसर जेल में बंद है, जिसे पुलिस द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के दौरान हथियारों की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस उसके पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई करेगी। एस.एस.पी. गुरबंस सिंह बैस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। हथियारों के स्रोत, गिरफ्तार आरोपियों के अन्य साथियों और संभावित अंतरराष्ट्रीय लिंक की पड़ताल की जा रही है, ताकि अवैध हथियार सप्लाई चेन से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी, आपराधिक गिरोहों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दीप सिंह उर्फ दीपक के खिलाफ थाना घरिंडा, जिला अमृतसर साहिब में मुकदमा नंबर 388, दिनांक 6 सितंबर 2026, धारा 21सी/61/85 एन.डी.पी.एस. एक्ट तथा धारा 25(8)/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत पहले भी मामला दर्ज है। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में मुकदमा नंबर 477, दिनांक 16 सितंबर 2026, धारा 25(6), 25(7), 54/59 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!