सावधान! लुधियाना की सड़कों पर खौफनाक गैंग बिछा रहा जाल, महिलाओं और बुजुर्गों को बनाया जा रहा निशाना

Edited By Kalash,Updated: 29 Apr, 2026 11:58 AM

gang active in ludhiana trapping people

औद्योगिक नगरी की सड़कों पर चलने वाले चार पहिया वाहन चालकों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है।

लुधियाना (राज): औद्योगिक नगरी की सड़कों पर चलने वाले चार पहिया वाहन चालकों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। शहर में एक ऐसा शातिर गैंग सक्रिय हुआ है जो व्यस्त ट्रैफिक सिग्नलों और भीड़भाड़ वाले चौकों पर 'फर्जी एक्सीडेंट' का ड्रामा रचकर लोगों की जेबें ढीली कर रहा है। इस गिरोह के निशाने पर सबसे ज्यादा महिलाएं और बुजुर्ग ड्राइवर हैं, जिन्हें डरा-धमकाकर यह गैंग मौके पर ही हजारों रुपये वसूल लेता है।

शहर के निवासी धवल अग्रवाल ने इस गंभीर मुद्दे को लेकर पुलिस कमिश्नर (CP) को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत के मुताबिक, यह गैंग बेहद सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता है। जब कोई कार ट्रैफिक सिग्नल या जाम में रुकती है, तो बाइक सवार कुछ युवक कार के बिल्कुल करीब आकर रुक जाते हैं। अचानक वे चिल्लाने लगते हैं कि कार का टायर उनके पैर पर चढ़ गया है या कार ने उन्हें टक्कर मारी है। देखते ही देखते गिरोह के अन्य सदस्य वहां जमा हो जाते हैं और ड्राइवर के साथ बदतमीजी और आक्रामक व्यवहार शुरू कर देते हैं।

शिकायतकर्ता ने बताया कि यह गिरोह उन ड्राइवरों को ज्यादा दबाता है जिन्होंने सीट बेल्ट न लगाई हो या जो मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हों। बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर से लोग अक्सर पैसे देकर पीछा छुड़ाना बेहतर समझते हैं। धवल अग्रवाल ने बताया कि उनके एक दोस्त से दुगरी नहर पुल के पास इसी तरह डरा-धमकाकर 40,000 रुपये ऐंठ लिए गए। वहीं गिल रोड पर एटीआई (ATI) कॉलेज के पास उनके चाचा के साथ भी ऐसा ही ड्रामा रचा गया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। दुगरी पुल के पास ही एक महिला ड्राइवर को भी इसी तरह घेरा गया था। धोखाधड़ी का यह तरीका इतना शातिर है कि पीड़ित अक्सर चंद हजार रुपयों के लिए पुलिस के पास जाने से कतराते हैं। गिरोह के सदस्य घायल होने का ऐसा नाटक करते हैं कि ड्राइवर को अपनी गलती न होने पर भी शक होने लगता है। यदि कोई ड्राइवर घायल को अस्पताल ले जाने की पेशकश करता है, तो वहां पुरानी चोट दिखाकर पैसे मांगे जाते हैं।

मुसीबत में तुरंत डॉयल करें 100 या 112  

पुलिस और जागरूक नागरिकों ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि अगर आपके साथ ऐसी कोई घटना होती है, तो घबराएं नहीं। विरोध करने या बहस करने के बजाय अपनी कार के दरवाजे और शीशे बंद रखें और तुरंत 100 या 112 नंबर पर कॉल करें। संभव हो तो अपने मोबाइल से इस पूरे ड्रामे की वीडियो रिकॉर्डिंग जरूर करें। पंजाब के अन्य शहरों में भी पहले ऐसे रैकेट सामने आ चुके हैं, इसलिए लुधियाना पुलिस अब इस शिकायत के बाद सख्त एक्शन की तैयारी में है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!