Edited By Kamini,Updated: 16 Apr, 2026 12:54 PM

साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब गांव जंडियाली के पूर्व सरपंच धर्मजीत सिंह ने लाइव होकर मंत्री पर सीधे और गंभीर आरोप लगाए।
साहनेवाल/कुहारा (हितेश/बलजीत): साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब गांव जंडियाली के पूर्व सरपंच धर्मजीत सिंह ने लाइव होकर इलाके के MLA और मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां पर सीधे और गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मंत्री पर जबरन वसूली, भ्रष्टाचार, चुनाव में दखलंदाजी और पैसे मांगने का आरोप लगाकर राजनीतिक हलचल मचा दी है।
धर्मजीत सिंह, जो 2013 से 2018 तक सरपंच रहे, ने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में गांव में लगभग 65 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए हैं- जैसे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पावर प्लांट, सड़कें और एक धर्मशाला। उन्होंने कहा कि पिछले पंचायत चुनाव के दौरान, उनके परिवार के 4 सदस्यों के नॉमिनेशन पेपर एक साजfश के तहत खारिज कर दिए गए थे और एक खास उम्मीदवार को “जबरदस्ती” सरपंच बना दिया गया था। पूर्व सरपंच ने दावा किया कि मंत्री ने उनसे सरपंची के लिए 30 लाख रुपये मांगे थे, जिसे उन्होंने साफ मना कर दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में उन्होंने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
इसके अलावा, धर्मजीत सिंह ने आने वाले जंडियाली और रामगढ़ कोऑपरेटिव सोसाइटी के चुनाव (20-21 अप्रैल) में भी मंत्री पर दखल देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इंस्पेक्टरों और अधिकारियों को सिर्फ “पसंदीदा उम्मीदवारों” के पक्ष में चुनाव कराने के लिए धमकाया जा रहा है। उन्होंने मंत्री पर चंडीगढ़-लुधियाना रोड पर स्थित कोऑपरेटिव सोसाइटी की कीमती ढाई कनाल जमीन पर नजर रखने और उसे हासिल करने के लिए पूरा दबाव डालने का भी आरोप लगाया।
इसके साथ ही, उन्होंने अलग-अलग जगहों पर होटलों के गैर-कानूनी निर्माण और पैसे वसूलने के भी आरोप लगाए। धर्मजीत सिंह ने यह भी दावा किया कि मंत्री के कहने पर लोगों को डराया जा रहा है और विरोध करने वालों को पुलिस का गलत इस्तेमाल करके निशाना बनाया जा रहा है। आखिर में, उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की कि वे इस मामले की हाई-लेवल विजिलेंस जांच करवाएं और कोऑपरेटिव सोसाइटियों के चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करवाएं। उन्होंने कहा कि वे हर आरोप के लिए सबूत देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर मेरे और मेरे साथियों के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेवारी भी कैबिनेट मंत्री मुंडिया की होगी उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से सुरक्षा देने की मांग की गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here