बठिंडा फ्लाई ऐश ट्रैक बना स्वास्थ्य के लिए खतरा, बुजुर्ग और बच्चों की बढ़ी चिंता

Edited By Urmila,Updated: 25 Apr, 2026 04:35 PM

fly ash track poses health risk

मल्टी-पर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम, बठिंडा में बने फ्लाई ऐश के स्पोर्ट्स ट्रैक ने खिलाड़ियों, सुबह-शाम सैर करने वालों और विद्यार्थियों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर दी है।

बठिंडा (विजय वर्मा) : मल्टी-पर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम, बठिंडा में बने फ्लाई ऐश के स्पोर्ट्स ट्रैक ने खिलाड़ियों, सुबह-शाम सैर करने वालों और विद्यार्थियों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर दी है। ट्रैक से उड़ रही धूल लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्टेडियम में रोजाना बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा और बच्चे वॉक, दौड़ और खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। यहां बना ट्रैक फ्लाई ऐश से तैयार किया गया है, जो सूखने के बाद बारीक धूल के रूप में हवा में फैलने लगता है। यह धूल सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर रही है, जिससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

सीनियर सिटीजनों ने बताया कि वे कई बार जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को इस समस्या से अवगत करवा चुके हैं और ट्रैक पर नियमित पानी का छिड़काव करवाने की मांग कर चुके हैं, ताकि धूल को नियंत्रित किया जा सके। बावजूद इसके अब तक उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोग यहां सेहत बनाने के लिए आते हैं, लेकिन मजबूरन बीमारियां लेकर लौट रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी चिंताजनक है। वहीं, ट्रैक पर दौड़ लगाने वाले युवाओं के पैरों में छाले तक पड़ रहे हैं, क्योंकि फ्लाई ऐश के साथ मिली बजरी और रोड़ियां पैरों को नुकसान पहुंचा रही हैं।

स्टेडियम में बुनियादी सुविधाओं की भी भारी कमी देखने को मिल रही है। पीने के पानी, स्वच्छ वातावरण और अन्य जरूरी सुविधाओं का अभाव प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। इस संबंध में 24 सीनियर सिटीजनों ने हस्ताक्षर कर जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भी सौंपी है और मांग की है कि संबंधित विभाग को तुरंत निर्देश देकर ट्रैक पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूल पर काबू पाया जा सके और लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक कार्रवाई करता है या लोगों को यूं ही परेशानी झेलनी पड़ेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!