Edited By Kamini,Updated: 13 Jun, 2026 04:59 PM

चंडीगढ़ में फायरिंग की घटना सामने आई है। आज दोपहर सेक्टर-11 उस समय सनसनी फैल गई जब वहां पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में फायरिंग की घटना सामने आई है। आज दोपहर सेक्टर-11 उस समय सनसनी फैल गई जब वहां पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। मिली जानकारी के अनुसार फायरिंग के दौरान मेडिकल स्टोर का कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक कैशियर की पहचान जानकी दास (55) निवासी रोड़ू गांव हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ में आज दोपहर करीब 2:30 बजे एक्टिवा पर सवार 2 युवक PGI के नजदीक स्थित कुमार मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे। आरोपियों के पास ऑटोमेटिक हथियार थे। इस दौरान 2 बदमाश ग्राहक बनकर स्टोर के अंदर आए जिन्होंने मुंह पर मास्क लगा रखा था। बदमाशों ने दुकान के अंदर ही गन को लोड किया और आते ही फायरिंग की। बताया जा रहा है कि, दोनों के हाथों में ऑटोमैटिक गन थी लेकिन फायरिंग सिर्फ एक ने ही की। गन ऑटोमैटिक होने के चलते एक ही बार में कई फायर हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 7 राउंड फायरिंग की और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए।
इस फायरिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे मार्केट क्षेत्र को सील कर लिया और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि, पुलिस रंगदारी के एंगल से देख रही है। सूत्रों के मुताबिक उक्त मार्केट में स्थित एक अन्य मेडिकल स्टोर के मालिक को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ गैंग की ओर से धमकियां मिल चुकी थीं। इस धमकी मिलने के बाद से मेडिकल स्टोर के मालिक को सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। हालांकि पुलिस ने किसी गैंग की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर फायरिंग हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका लगा हुआ था। लेकिन हमलावर इसके बावजूद वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here