Edited By Vatika,Updated: 13 Jun, 2026 02:27 PM

खाड़ी देशों में पैदा हुए तनाव के कारण प्रभावित हुई अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य होने
चंडीगढ़: खाड़ी देशों में पैदा हुए तनाव के कारण प्रभावित हुई अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। इसी कड़ी में शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, चंडीगढ़ से संचालित अबू धाबी और दुबई की उड़ान सेवाओं को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने दोनों उड़ानों की बुकिंग भी शुरू कर दी है।
हवाई अड्डे के सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि चंडीगढ़-अबू धाबी उड़ान 26 जून से दोबारा शुरू होगी, जबकि चंडीगढ़-दुबई उड़ान सेवा पहले ही बहाल की जा चुकी है। इन सेवाओं के शुरू होने से ट्राईसिटी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।
26 जून से शुरू होगी अबू धाबी फ्लाइट
इंडिगो की चंडीगढ़-अबू धाबी उड़ान दोपहर 3:25 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर शाम 5:50 बजे अबू धाबी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह उड़ान सुबह 8:50 बजे अबू धाबी से उड़ान भरकर दोपहर 2:25 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस उड़ान का फ्लेक्सी किराया लगभग 25,499 रुपये निर्धारित किया गया है।
दुबई उड़ान सेवा भी हुई बहाल
चंडीगढ़-दुबई उड़ान सेवा भी फिर से शुरू कर दी गई है। यह उड़ान शाम 5:20 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर शाम 7:40 बजे दुबई पहुंचेगी। वापसी में विमान सुबह 9:55 बजे दुबई से उड़ान भरकर भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा। इस उड़ान का फ्लेक्सी किराया करीब 24,904 रुपये रखा गया है। हवाई अड्डा प्रबंधन का कहना है कि इन दोनों अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।